गहनों की चोरी में आया डरावना मोड़

मनोरंजन

तारक मेहता का उल्टा चश्मा में  पॉपटलाल के घर में नजर आई एक रहस्यमयी मैनिकिन से शुरू हुई कहानी अब गोकुलधाम सोसायटी में हुई ज्वेलरी चोरी के एक रहस्यमयी मामले में बदल गई है। मामला तब शुरू हुआ जब पॉपटलाल दुल्हन के लिबास में एक मैनिकिन अपने घर ले आया। उसके मुड़े हुए पैर और डरावने हुलिए ने जल्द ही गोकुलधाम के लोगों के बीच जिज्ञासा और शक पैदा कर दिया। मामला तब गंभीर हो गया, जब गोकुलधाम के अलग-अलग घरों से सोने के गहने गायब होने लगे। जांच आगे बढ़ने पर सुराग आखिरकार इंस्पेक्टर चालू पांडे को पॉपटलाल के घर तक ले गए, जहां मैनिकिन के पास से चोरी हुए गहने बरामद हुए।पॉपटलाल की गिरफ्तारी के बाद वह सफाई देने की कोशिश करता है कि मैनिकिन डरावनी है और हो सकता है कि चोरी के पीछे उसी का हाथ हो। वह बताता है कि उसके आसपास अजीबोगरीब घटनाएं हो रही हैं—बिना किसी के छुए मैनिकिन का चेहरा सामने आ जाता है, जब भी वह उसके पास से गुजरता है तो उसे एक डरावनी आवाज सुनाई देती है और जैसे ही वह पलटकर मैनिकिन की तरफ देखने की कोशिश करता है, आवाज अचानक बंद हो जाती है।