प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री यादव व भाजपा अध्यक्ष नवीन ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’; मप्र में 3.55 करोड़ दीये प्रज्ज्वलित ::
उज्जैन/इंदौर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उज्जैन के शिप्रा तट और महाकाल महालोक में गुरुवार शाम 33 लाख 27 हजार दीये एक साथ प्रज्ज्वलित किए गए। आयोजकों के अनुसार, इतनी बड़ी संख्या में एक साथ दीप प्रज्ज्वलन कर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया। प्रदेशभर में 845 आइकॉनिक स्थानों सहित करीब 3 करोड़ 55 लाख दीये प्रज्ज्वलित किए गए।
उज्जैन के रामघाट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंघी ने उज्जैनवासियों के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। शाम 7 बजे सायरन बजते ही शिप्रा के विभिन्न घाटों और महाकाल महालोक में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
:: 25 हजार से अधिक वॉलिंटियर्स ने जलाए दीये ::
शिप्रा तट पर 25 हजार से अधिक वॉलिंटियर्स के साथ श्रद्धालुओं और नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित किए। रामघाट, दत्त अखाड़ा, केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट और भूखी माता घाट सहित महाकाल महालोक में दीपों की रोशनी से पूरा क्षेत्र जगमगा उठा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंघी शिप्रा आरती में भी शामिल हुए। उन्होंने मां शिप्रा की आराधना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
:: 845 आइकॉनिक स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन ::
सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। प्रदेश के 845 आइकॉनिक स्थानों को भी दीपों से सजाया गया। इनमें ग्वालियर, इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर-चंबल, मालवा-निमाड़ सहित प्रदेश के सभी संभागों के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थल शामिल रहे।
अभियान के तहत प्रदेशभर में कुल 3 करोड़ 55 लाख दीये प्रज्ज्वलित किए जाने का दावा किया गया है।

