होर्मुज पर ईरान का ही है कब्जा, अमेरिकी सेंट्रल कमांड के दावे झूठे और हास्यास्पद

देश-विदेश धार्मिक

-शेखरची ने कहा-अमेरिका थके और कमजोर जवानों का हौसला बढ़ाने कर रहा झूठे दावे
तेहरान । ईरान ने होर्मुज स्‍ट्रेट को लेकर अमेरिकी सेंट्रल कमांड के दावों को झूठा और हास्यास्पद बताते हुए अमेरिका की आलोचना की। ईरान ने साफ किया कि इस अहम समुद्री रास्ते पर ईरान का पूरी तरह से कब्जा है। ईरान की इजाजत के बिना यहां से एक भी जहाज नहीं गुजर सकता। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईरान की सशस्त्र सेनाओं के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अबोलफजल शेखरची ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि अमेरिकी सेनाओं ने सिर्फ पिछले दो महीनों में होर्मुज से एक अरब बैरल से ज्यादा तेल ले जाने में मदद की है।
रिपोर्ट के मुताबिक शेखरची ने कहा कि अमेरिकी सेंट्रल कमांड के कमांडर ने पिछले दो महीनों में होर्मुज से एक अरब बैरल तेल बाहर ले जाने वाले जहाजों को सुरक्षा देने को लेकर जो हालिया दावे किए हैं, वे झूठे और हास्यास्पद हैं। उन्होंने कहा कि सेंटकॉम कमांडर के ये दावे हकीकत बताने के बजाय एक नाकाम मनोवैज्ञानिक अभियान ज्यादा लगते हैं। इस तरह के बयानों का मकसद इलाके में मौजूद अमेरिकी सेना के थके और कमजोर पड़ चुके जवानों का हौसला बढ़ाना और वहां अमेरिका को हो रहे भारी आर्थिक और मानवीय नुकसान को सही ठहराना है।
शेखरची ने कहा कि होर्मुज स्‍ट्रेट में नियंत्रण अब भी ईरान की ताकतवर सशस्त्र सेनाओं के हाथ में है। इससे पहले सेंटकॉम के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने एक्‍स पर लिखा था-अमेरिकी सेनाओं ने सिर्फ पिछले दो महीनों में होर्मुज स्‍ट्रेट से एक अरब बैरल से ज्यादा तेल ले जाने में मदद की है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने दो हजार से ज्यादा कमर्शियल जहाजों को सुरक्षा दी है। कूपर ने दावा किया था कि समुद्री रास्तों से बारूदी सुरंगें हटा दी गई हैं, जिससे हजारों जहाजों के लिए इस समुद्री रास्ते से गुजरना संभव हो पाया है।