-नगर विकास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा और पर्यटन-खेल विभागों का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे मुख्यमंत्री, जारी की अधिसूचना
रांची । झारखंड के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को आवंटित विभाग अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास रहेंगे। सरकार ने नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार मुख्यमंत्री को सौंपने की अधिसूचना जारी कर दी है।
मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इन विभागों का कामकाज अब मुख्यमंत्री के स्तर से देखा जाएगा। विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना डाडेल के स्तर से संबंधित पत्र जारी किया गया है। गौरतलब है कि सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सितंबर को गिरिडीह स्थित आवास पर निधन हो गया था। वह राज्य सरकार में मंत्री के रूप में इन विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके निधन के बाद से इन विभागों के कामकाज के लिए नए सिरे से प्रभार निर्धारित किया जाना था।
सरकार के इस फैसले के बाद मुख्यमंत्री के पास झारखंड सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी हो गई है। इससे पहले अगस्त 2025 में तत्कालीन शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का प्रभार भी मुख्यमंत्री के पास ही है। विभागों के नए प्रभार का फैसला कैबिनेट की आगामी बैठक से पहले किया गया है, ताकि संबंधित विभागों के प्रशासनिक और नीतिगत कामकाज में निरंतरता बनी रहे।

