कई वाहनों को मारी टक्कर, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
लंदन । इंग्लैंड के टेलफोर्ड में एक सिख बस चालक के साथ मारपीट कर बस लेकर भागने का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार शाम मेडली के कोर्ट स्ट्रीट इलाके में होना बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, 33 वर्षीय यमनी नागरिक अली बलहद ने चालक पर हमला किया और उसे बस से बाहर निकालकर खुद वाहन चलाने लगा। इसके बाद उसने बस को गलत दिशा में दौड़ाया और कई वाहनों को टक्कर मार दी। पूरी घटना कैमरे में कैद हुई है।
वीडियो में आरोपी चालक की दाढ़ी खींचता और उसका सिर चालक के सिर से टकराता दिखाई देता है। इस दौरान मौके पर मौजूद एक महिला आरोपी से ऐसा नहीं करने को कहती सुनाई देती है। चालक भी महिला से पुलिस बुलाने की अपील करता है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बस के भीतर मौजूद सामान और तारों को भी नुकसान पहुंचाया। करीब एक मिनट से अधिक समय तक मारपीट के बाद उसने चालक को बस से बाहर कर दिया और स्टेयरिंग संभाल लिया। वह बस को पार्क वे से हाई स्ट्रीट की ओर ले गया।
वेस्ट मर्सिया पुलिस को शाम करीब 6:37 बजे घटना की सूचना मिली। अधिकारी मौके पर पहुंचे और बस को रुकवाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, चालक को मामूली चोटें आई हैं और किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी नहीं है। पुलिस के अनुसार, बलहद के खिलाफ वाहन चोरी, मारपीट, गंभीर चोट पहुंचाने की कोशिश, खतरनाक ड्राइविंग, लूट, धमकी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत कई आरोप हैं। उसे 21 सितंबर को टेलफोर्ड मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया जाना है।

