राहुल गांधी के स्वागत में एयरपोर्ट पर दिग्विजय-पटवारी समेत जुटे कांग्रेस नेता, भीड़ में धक्का-मुक्की

ताज़ा खबर मध्य प्रदेश

:: ‘छात्रों की गूंज’ से पहले शहर में सियासी हलचल; विरोध में लगे ‘झूठ की गूंज’ के पोस्टर ::
इंदौर । ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने शनिवार को इंदौर पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीत पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया। इस दौरान भीड़ के बीच कुछ देर धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। सुरक्षा व्यवस्था के बीच राहुल गांधी एयरपोर्ट से सीधे रेडिसन होटल रवाना हो गए।
राहुल गांधी के आगमन को लेकर एयरपोर्ट से शहर तक कांग्रेस कार्यकर्ता स्वागत की तैयारी में जुटे रहे। हालांकि सुरक्षा कारणों से राहुल गांधी रास्ते में बनाए गए स्वागत स्थलों पर नहीं रुके।
उनके कार्यक्रम से पहले शहर के कुछ हिस्सों में विरोध में ‘झूठ की गूंज पर होगी सत्य की विजय’ लिखे पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए। पोस्टरों पर क्यूआर कोड के जरिए राहुल गांधी के पूर्व भाषणों के करीब 40 दावों की पड़ताल किए जाने का दावा किया गया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने इन पोस्टरों को कार्यक्रम को प्रभावित करने का प्रयास बताया।
इधर, रीजनल पार्क के सामने भारत जोड़ो मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ के लिए दोपहर से ही छात्र-युवाओं की भीड़ जुटने लगी। ग्वालियर से आई छात्रा दिव्यांशी राहुल गांधी के समर्थन में पोस्टर लेकर पहुंचीं, जबकि आगर-मालवा के प्रसून गोयल ‘रागा’ लिखा चश्मा पहनकर पहुंचे।
राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया। 13 प्रमुख मार्गों पर भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रही तथा कुछ मार्गों को नो-व्हीकल जोन रखा गया। कार्यक्रम के लिए आयोजकों को 31 सुरक्षा शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे।