अगर गठबंधन नहीं करना है तो न करें, हम क्या किसी से भीख मांग रहे हैं?

ताज़ा खबर देश-विदेश

-इकरा हसन के बयान पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने किया पलटवार
नई दिल्ली । यूपी विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच घमासान शुरु हो गया है। इसी कड़ी में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा सांसद इकरा हसन के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अगर गठबंधन नहीं करना है तो न करें। हम अपने काम पर लगे हैं। सांसद मसूद ने कहा कि न करें गठबंधन, कौन कह रहा है? हम क्या किसी से भीख मांग रहे हैं? जिसको जो करना है, वह करे। जब बारात चढ़ती है, तो बहुत सारे ढोल बजाने वाले भी होते हैं, नाचने-गाने वाले भी होते हैं। इन नाचने-गाने वालों को नाचने-गाने दीजिए। हम अपने काम पर लगे हुए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सपा विधायक शिवपाल यादव के बयान पर मसूद ने कहा कि यह उनकी सोच हो सकती है, कांग्रेस अपने काम पर लगी है। शिवपाल जो बात कह रहे हैं, वह पार्टी के अंदर ही अप्रासंगिक हो गए हैं। वह अपने नेता से यह बात अगर वह कहेंगे, तब तो उसके ऊपर कोई मायने होंगे, इसके अलावा कोई मायने नहीं हैं। मसूद ने कहा कि बहुत सारे लोग बहुत सारी बातें बोलते रहते हैं, इससे फर्क नहीं पड़ता है। बता दें इससे पहले शिवपाल सिंह यादव ने एक बयान में कहा था कि कांग्रेस को वोट नहीं मिलना है।
रिपोर्ट के मुताबिक समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर राजभर ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के कुछ नेताओं के बयानों से इंडिया गठबंधन आहत होता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को लाभ देने वाले बयान कांग्रेस की ओर से आते रहे हैं। सपा और कांग्रेस का गठबंधन राहुल गांधी और अखिलेश यादव तय करेंगे, लेकिन जो कांग्रेस पार्टी के नेताओं के बेतुके बयान आ रहे हैं, यह केवल दबाव बनाने के लिए हैं। कांग्रेस यूपी-बिहार में कितना पानी में है, यह जगजाहिर है।