क्या प्यार में गिर जाएगी उम्र की दीवार?

मनोरंजन

उम्र एक संख्या है, जो जन्मदिन, उपलब्धियों और अनुभवों को दर्शाती है, लेकिन यह कभी तय करने के लिए नहीं बनी कि किसे किससे प्यार करना चाहिए। फिर भी दिल के मामलों में, हमारे समाज में आज भी उम्र के अंतर वाले रिश्तों को लेकर कई लोग सवाल उठाते हैं। प्यार की सीमाओं को और व्यापक बनाते हुए, कलर्स अपने नए रोमांस ड्रामा ‘शायद यही है प्यार’ के साथ इन धारणाओं को चुनौती देने जा रहा है। कहानी के केंद्र में प्रीति अरोड़ा (35) हैं, जो दिल्ली में रहने वाली एक कामकाजी महिला हैं। वह न केवल आधुनिक कार्यस्थल की चुनौतियों का सामना करती हैं, बल्कि लगातार एक सवाल के आधार पर आंकी जाती हैं कि आखिर उन्होंने अब तक शादी क्यों नहीं की। पिछले पांच वर्षों से वह गौरव गुलाटी (37) के साथ रिश्ते में थीं, जो हर पारंपरिक कसौटी पर खरा उतरने वाला एक आदर्श साथी माना जाता है, लेकिन उसकी बेवफाई प्रीति को उन सभी बातों पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर कर देती है, जिन्हें वह अब तक अपनी चाहत समझती आई थीं।