दुबई । दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही एक विमान में एक अभूतपूर्व घटना के बाद भारतीय सह-पायलट स्मित मच्छार हीरो बनकर उभरे हैं। खुद बुरी तरह घायल होने के बावजूद, उन्होंने सैकड़ों यात्रियों की जान बचाई, जब उनके साथी पायलट ने उड़ान को दुर्घटनाग्रस्त करने के इरादे से उन पर हमला कर दिया। फिलहाल, मच्छार सऊदी अरब के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह घटना फ्लाईदुबई के बोइंग 737 विमान में लगभग 34,000 फीट की ऊंचाई पर हुई। बताया जा रहा है कि हमलावर पायलट का मकसद विमान को क्रैश कराना था। इस हमले में गुजरात के निवासी स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद, यात्रियों ने एकजुट होकर हमलावर को काबू करने में उनकी मदद की। इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बाद में पुष्टि की कि सह-पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने का प्रयास किया था और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हाथापाई के दौरान, दुबई से उड़ान भरने के लगभग ढाई घंटे बाद, विमान 34 सेकंड के भीतर 33,000 फीट की ऊंचाई से तेजी से गिरकर 17,000 फीट पर आ गया। घटना के समय, विमान ने 7500 का कोड भी भेजा, जिसे आमतौर पर हाईजैक या आतंकी हमले के संकेत के रूप में समझा जाता है। इस कोड ने हवाई यातायात नियंत्रण को सतर्क कर दिया और सुरक्षा एजेंसियों को संभावित खतरे के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।
रियाद में भारतीय दूतावास ने स्मित मच्छार के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखने की बात कही है। दूतावास और जेद्दा में भारतीय कॉन्सुलेट, फ्लाईदुबई की उस फ्लाइट के बहादुर भारतीय पायलट की सेहत पर पैनी नज़र रखे हुए हैं, जिन्हें सऊदी अरब के उत्तर पश्चिम में ताबुक शहर में भर्ती कराया गया है और सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। दूतावास ने बताया है कि उनकी हालत स्थिर है और उनके परिवार के साथ भी संपर्क स्थापित कर लिया गया है, जिन्हें उनके स्वास्थ्य से संबंधित अपडेट्स नियमित रूप से दिए जा रहे हैं। स्मित के माता-पिता भी सऊदी अरब के लिए रवाना हो गए हैं। इस असाधारण बहादुरी के लिए स्मित मच्छार की दुनियाभर में सराहना हो रही है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें सच्चा हीरो बताते हुए उनकी बहादुरी की जमकर तारीफ की है। वहीं, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गुरुवार को कैप्टन स्मित मच्छार को हीरो करार दिया।

