नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की जमकर तारीफ की है। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, कैप्टन मच्छार ने दुबई से तेल अवीव जा रहे एक विमान में सैकड़ों लोगों की जान बचाने के लिए अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी बहादुरी ने एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की, जिसके लिए भारत को उन पर गर्व है।
यह घटना 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट एफजेड 1073 में हुई, जिसमें 170 से अधिक लोग सवार थे। उड़ान के दौरान, कॉकपिट में को-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए और इसी दौरान विमान ने तेजी से ऊंचाई खोनी शुरू कर दी, कुछ ही समय में करीब 14 हजार फीट नीचे आ गया। इससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, कैप्टन स्मित मच्छार ने हमलावर का विरोध किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की। इससे यात्रियों और क्रू के कुछ सदस्यों को कॉकपिट तक पहुंचने और हमलावर को काबू करने का मौका मिला। विमान में यात्रा कर रहे कुछ ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने भी विमान को संभालने में मदद की, जिसके बाद फ्लाइट को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट की तरफ मोड़ा गया और वहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी मच्छार को “सच्चा हीरो”बताया है। स्मित मच्छार भारतीय नागरिक हैं और फ्लाईदुबई में कैप्टन के पद पर कार्यरत हैं। उनके पास करीब 9,750 घंटे की उड़ान का अनुभव है और इससे पहले उन्होंने लगभग 11 साल तक स्पाइसजेट में काम किया है। वहीं, हमलावर को-पायलट की पहचान एक ओमानी नागरिक के तौर पर बताई गई है, जिसे सऊदी अधिकारियों ने हिरासत में लिया है। उसकी मंशा की जांच अभी जारी है, हालांकि इजरायली अधिकारियों ने इसे संभावित हमले और विमान को क्रैश करने की कोशिश के तौर पर देखा है। सुरक्षित लैंडिंग के बाद दोनों पायलटों को तबूक के अस्पताल ले जाया गया। भारतीय दूतावास के अनुसार, कैप्टन मच्छार का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं। उन्होंने कहा कि सबसे गंभीर खतरे के सामने और खुद बुरी तरह घायल होने के बावजूद मच्छार ने दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए असाधारण साहस दिखाया। पीएम ने कैप्टन मच्छार के जल्द स्वस्थ होने, नई ताकत और अच्छे स्वास्थ्य की कामना भी की।

