-200 करोड़ होंगे खर्च, एक साल में कार्य को पूरा करने का लक्ष्य
मंडी । कीतरपुर-मनाली फोरलेन प्रोजेक्ट के तहत मंडी जिले के थलौट में हिमाचल प्रदेश की पहली बॉक्स टनल बनाई जा रही है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी (एनएचएआई) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने बताया कि थलौट और औट बाजार के पास फोरलेन को कट एंड कवर के जरिए गुजारा गया था। थलौट बाजार में एक और औट बाजार में दो कट एंड कवर बनाए गए थे। यह कट एंड कवर भी बॉक्स टनल की तरह ही होते हैं लेकिन बॉक्स टनल की शेप स्क्वेयर में होती है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 2023 की आपदा में थलौट बाजार का कट एंड कवर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद एनएचएआई ने यहां पर बॉक्स टनल की प्रपोजल बनाया और केंद्र से इसकी मंजूरी मिलने के बाद अब कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि 200 करोड़ की लागत से बनने वाली 500 मीटर लंबी बॉक्स टनल के कार्य को एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह आर्टिफिशल टनल होगी जिसे ब्लॉक्स के जरिए बनाया जाएगा।
कुल्लू-मनाली की तरफ जाने वाले सारे ट्रैफिक को यहीं से भेजा जाएगा जबकि आने वाला ट्रैफिक औट की पुरानी टनल से होकर आएगा। जब यह बॉक्स टनल बन जाएगी तो उसके बाद औट में बनाई गई नई टनल भी शुरू हो पाएगी। 2023 की आपदा में कट एंड कवर को नुकसान के साथ ही साथ लगते कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचा था। एनएचएआई ने सारे नुकसान का आंकलन करके प्रभावितों के लिए 20 करोड़ की राशि मंजूदर की है जिसमें से 12 करोड़ की राशि एसडीएम बालीचौकी के पास जमा करवा दी गई है।
बता दें हिमाचल प्रदेश में कीरतपुर से मनाली के बीच फोरलेन बन रहा है। इसमें कीरतपुर से मनाली के बीच में कुछ हिस्सों का काम होना बाकी है और बन चुके फोरलेन पर वाहनों की आवाजाही शुरु हो गई है। पहले जहां चंडीगढ़ से मनाली पहुंचने में 8-9 घंटे लगते थे, लेकिन अब 4-5 घंटे में मनाली पहुंच जाते हैं। यदि फोरलेन के बचे हुए हिस्सों का भी निर्माण पूरा हो गया तो मनाली के लिए और कम समय लगेगा।

