रणजी ट्रॉफी के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित; इंडिया-ए में चयन के कारण पाटीदार-अरशद शुरुआती मैच नहीं खेलेंगे, सर्जरी के बाद वेंकटेश भी बाहर ::
इंदौर । नियमित कप्तान रजत पाटीदार की अनुपलब्धता के कारण शुभम शर्मा 2026-27 रणजी ट्रॉफी सत्र में मध्यप्रदेश की कमान संभालेंगे। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के सचिव सुधीर असनानी ने 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की। टीम में अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले आवेश खान और कुलदीप सेन के साथ भारत के लिए टेस्ट पदार्पण कर चुके सारांश जैन को भी शामिल किया गया है।
पाटीदार और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अरशद खान को ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ छह अक्टूबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम में चुना गया है। इसके कारण दोनों रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबलों में मध्यप्रदेश के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
शुभम पहले भी मध्यप्रदेश की रणजी टीम की कप्तानी कर चुके हैं। मध्यक्रम के बल्लेबाज शुभम दाएं हाथ से ऑफ स्पिन भी करते हैं। पाटीदार और अरशद की अनुपलब्धता के कारण उन्हें कप्तानी सौंपी गई है।
ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर सर्जरी के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं और इस कारण रणजी सत्र में मध्यप्रदेश के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण में आवेश खान और कुलदीप सेन शामिल हैं। स्पिन विभाग में कुमार कार्तिकेय और सारांश जैन को जगह मिली है। सारांश ने 23 अगस्त को कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ भारत के लिए टेस्ट पदार्पण किया था।
बल्लेबाजी में यश दुबे, हर्ष गवली, हिमांशु मंत्री, चंचल राठौर, हिमांशु शिंदे और अथर्व महाजन को शामिल किया गया है। हर्ष गवली और हिमांशु मंत्री विकेटकीपर के विकल्प होंगे।
:: ये है 17 सदस्यीय टीम ::
शुभम शर्मा (कप्तान), हर्ष गवली (विकेटकीपर), हिमांशु मंत्री (विकेटकीपर), यश दुबे, चंचल राठौर, हिमांशु शिंदे, अथर्व महाजन, सारांश जैन, कुमार कार्तिकेय, शिवांग कुमार, आर्यन पांडे, अनुभव अग्रवाल, रोशन केवट, अक्षय शर्मा, आवेश खान, कुलदीप सेन और रवि किरण।
मध्यप्रदेश ने जून 2022 में बेंगलुरु में 41 बार की चैंपियन मुंबई को हराकर पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था।

