-विश्वविद्यालय के 77 साल के इतिहास में पहली बार किसी कुलपति को लगातार दूसरा पांच वर्षीय कार्यकाल
नई दिल्ली । दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के कुलपति प्रो. योगेश सिंह को लगातार दूसरे पांच वर्षीय कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय के 77 साल के इतिहास में यह पहला अवसर है, जबकि किसी कुलपति को लगातार दूसरा पूर्ण कार्यकाल मिला है। उनका नया कार्यकाल अक्टूबर 2031 तक रहने की संभावना है।
इससे पहले विश्वविद्यालय के कुलपतियों को दोबारा नियुक्त करने का प्रावधान नहीं था। अक्टूबर 2023 में केंद्र सरकार ने डीयू के संबंधित नियम में संशोधन किया था, जिसके बाद कुलपति को दूसरा कार्यकाल देने का रास्ता खुला। प्रो. सिंह इस संशोधित व्यवस्था के तहत दूसरा कार्यकाल पाने वाले पहले कुलपति बने हैं।
प्रो. योगेश सिंह तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वे अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के अध्यक्ष हैं। उन्होंने एनआईटी कुरुक्षेत्र से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार में एमटेक और कंप्यूटर इंजीनियरिंग में पीएचडी की है। डीयू आने से पहले वे महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय, बड़ौदा और दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के कुलपति रह चुके हैं।
डीयू में आठ अक्टूबर 2021 को कार्यभार संभालने के बाद उनके कार्यकाल में कई शैक्षणिक बदलाव हुए। वर्ष 2022 में स्नातक प्रवेश के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) लागू किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम भी शुरू किया गया। नए कार्यकाल में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उनके पास होगी।

