29 नवंबर को दशहरा मैदान से दौड़ेंगे 25 हजार धावक, मुख्यमंत्री वर्चुअली दिखाएंगे हरी झंडी ::
इंदौर । जल संरक्षण और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 29 नवंबर को ‘वन इंदौर रन इंदौर 2.0’ मैराथन आयोजित होगी। दशहरा मैदान से शुरू होने वाली इस मैराथन में 25 हजार धावकों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 15 हजार से अधिक प्रतिभागी पंजीयन करा चुके हैं।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में लगातार दूसरे वर्ष आयोजित मैराथन में 3, 5 और 10 किलोमीटर की दौड़ होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित कर हरी झंडी दिखाएंगे। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और पूर्व भारतीय फुटबॉलर रणजीत बजाज भी आयोजन में शामिल होंगे।
महापौर भार्गव ने कहा कि यह आयोजन केवल फिटनेस तक सीमित नहीं है, बल्कि जल संरक्षण और नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक भागीदारी कर इन दोनों अभियानों को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
आयोजन में जुम्बा सहित विभिन्न फिटनेस गतिविधियां होंगी। धावकों के लिए चिकित्सा, सुरक्षा, पार्किंग और स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की जाएगी।

