केंद्रीय गृह मंत्री शाह 20 अक्टूबर को पंजाब दौरे पर, नशा पीड़ितों के परिवारों से मिलने का कार्यक्रम

ताज़ा खबर देश-विदेश

भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पोस्ट कर बताया
नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 अक्टूबर को चुनावी राज्य पंजाब का दौरा करने वाले है। इस दौरान वे राज्य में नशे की समस्या से जांन गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मिल सकते हैं। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने घोषणा कर कहा कि केंद्रीय मंत्री शाह के मानसा और संगरूर जाने की संभावना है।
भाजपा नेता बिट्टू ने एक्स पर शाह के दौरे की जानकारी साझा कर पंजाब में नशे के गंभीर खतरे पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने राज्य को नशे की समस्या से निकालने के लिए निर्णायक कार्रवाई, मजबूत नेतृत्व और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता पर जोर दिया। बीजेपी नेता बिट्टू ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार अपना जनादेश खो चुकी है और लोगों से भाजपा के नशामुक्त पंजाब अभियान का समर्थन करने की अपील की।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृहमंत्री शाह मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा के परिजनों से मुलाकात करने वाले हैं। जिनकी 13 अक्टूबर को एक मेडिकल स्टोर मालिक ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोप है कि झोटा ने एक बुजुर्ग को मादक पदार्थ बेचने पर सवाल उठाया था। झोटा के परिजन अभी भी न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और उनके शव का अंतिम संस्कार नहीं हुआ है।
इस तरह, केंद्रीय मंत्री शाह संगरूर जिले के दिड़बा में गुलजार सिंह के परिवार से भी मिलने वाले है। जिन्होंने 7 सितंबर को आत्महत्या की थी। परिवार ने आरोप लगाया है कि उन्हें इलाके में नशीले पदार्थों की आपूर्ति को लेकर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से सवाल करने पर परेशान किया और जातिसूचक टिप्पणियां की गईं।
केंद्रीय मंत्री शाह ने 16 अक्टूबर को कहा था कि केंद्र इन दोनों घटनाओं को लेकर राज्य सरकार से जवाब मांगेगी। यह 20 दिन के भीतर शाह का पंजाब का दूसरा दौरा होगा। इसके पहले, 30 सितंबर को उन्होंने जालंधर में भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा के समापन पर रैली को संबोधित किया था। उस दौरान उन्होंने आप सरकार पर चिट्टा (सिंथेटिक नशीले पदार्थ) के कारोबार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था। शाह ने वादा किया था कि यदि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता में आती है, तब दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बना दिया जाएगा। उन्होंने जालंधर दौरे में भी नशे से प्रभावित कुछ परिवारों से मुलाकात की थी। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं, इसके बाद भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दल नशे की समस्या को लगातार प्रमुखता से उठा रहे हैं।