14 साल से जरूरतमंद बच्चों की दीपावली रोशन कर रहा अग्रवाल समाज

इंदौर

:: 8 नवंबर तक बस्तियों और सरकारी स्कूलों में बांटेंगे मिठाई, आतिशबाजी और खिलौने ::
इंदौर । जरूरतमंद बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां बांटने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अग्रवाल समाज इंदौर ने इस वर्ष भी सार्थक दीपावली अभियान शुरू किया है। 8 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में समाज के सेवाभावी सदस्य शहर की विभिन्न बस्तियों और सरकारी स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को मिठाई, आतिशबाजी और खिलौने भेंट करेंगे।
अभियान के प्रमुख संयोजक किशोर गोयल ने बताया कि वरिष्ठ समाजसेवी एवं अग्रवाल समाज केंद्रीय समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद गोयल के मार्गदर्शन में रविवार को अभियान की शुरुआत की गई। पहले दिन गांधी नगर धर्म टेकरी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय के करीब 250 बच्चों को मिठाई, आतिशबाजी और खिलौने दिए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
:: कई सामाजिक संगठन भी बने सहभागी ::
गोयल ने बताया कि पिछले 14 वर्षों से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसमें अन्नपूर्णा क्षेत्र अग्रवाल महासंघ, अग्रवाल समाज पश्चिमी क्षेत्र, विजय नगर अग्रवाल महासंघ, अग्रवाल समाज हाईवे क्षेत्र और राजू गोयल समाधान मित्र मंडल सहयोग कर रहे हैं। दीपावली के बाद शीतकाल में जरूरतमंद बच्चों को स्वेटर और गर्म कपड़े भी वितरित किए जाएंगे।
:: 8 नवंबर तक आठ स्थानों पर पहुंचेंगे समाजजन ::
अभियान के तहत समर पार्क कॉलोनी ग्राम निपानिया स्थित शासकीय विद्यालय, नवलखा के श्यामाचरण शुक्ल नगर, पालदा की पवनपुरी कॉलोनी, कुंदन नगर गली नंबर पांच, कैट रोड स्थित प्रेमादेवी पब्लिक स्कूल, अहीरखेड़ी कांकड़ के शासकीय प्राथमिक विद्यालय, महू गौशाला क्षेत्र स्थित सेवा धारा फाउंडेशन और अग्रवाल समाज हाईवे क्षेत्र के वरुण विक्ट्री परिसर में सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
पहले दिन के आयोजन में जगदीश बाबाश्री, संजय अग्रवाल, संजय बांकड़ा, सतीश बंसल, रवि अग्रवाल, शिवनारायण अग्रवाल, प्रदीप गुप्ता, श्याम गर्ग, आशीष अग्रवाल, हर्ष गोयल, सचिन अग्रवाल, गगन गोयल, चेतन कला ऐरन, मीका अग्रवाल, पलक बंसल और नरेश अग्रवाल सहित समाजबंधु उपस्थित थे। संचालन अंजलि अग्रवाल और स्वाति गोयल ने किया। आभार रितेश अग्रवाल राजवंशी ने माना।