विद्या मालवड़े ने स्टोरी टीवी की स्कैम २०२४ – द डिजिटल अरेस्ट स्टोरी की तेज़ रफ्तार शूटिंग प्रक्रिया के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि किस तरह इस नए फॉर्मेट ने उनके सामने चुनौतियां पेश कीं, साथ ही उन्हें अपने अभिनय कौशल और कला के प्रति ईमानदार बने रहने का अवसर भी दिया।स्मॉल टाउन बॉयज़ के निर्माण और आलोक शर्मा के निर्देशन में बनी स्कैम २०२४ – द डिजिटल अरेस्ट स्टोरी में विद्या, प्रिया शर्मा की भूमिका निभा रही हैं। प्रिया एक कामकाजी महिला हैं, जो एक सुनियोजित डिजिटल अरेस्ट स्कैम का शिकार हो जाती हैं। विद्या ने कहा, “सबसे बड़ी चुनौती चार दिनों में लगभग ८०–९० पन्नों की शूटिंग पूरी करना था। मुझे थोड़ी घबराहट थी कि क्या मैं अपने संवाद याद रख पाऊंगी और पूरी प्रक्रिया किस तरह आगे बढ़ेगी। मैं नहीं चाहती थी कि किसी सीन को इतनी जल्दी पूरा करने की प्रक्रिया के कारण एक अभिनेत्री के तौर पर मेरी क्षमता और अभिनय से कोई समझौता हो।”

