केंद्रीय मंत्री रिजिजू का सऊदी अरब दौरा: अल-रहमा मस्जिद का भ्रमण

ताज़ा खबर देश-विदेश

हज 2027 की तैयारियों पर मंथन
नई दिल्ली । केंद्रीय संसदीय एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू वर्तमान में सऊदी अरब के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने जेद्दा स्थित प्रसिद्ध अल-रहमा मस्जिद का दौरा किया, इस फ्लोटिंग मस्जिद के नाम से भी जाना जाता है। यह दौरा उनके छठे हज सम्मेलन और प्रदर्शनी 2027 में हिस्सा लेने और सऊदी अरब के साथ द्विपक्षीय हज समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए हुआ है, जिसका मुख्य उद्देश्य भारतीय हज यात्रियों के लिए आगामी यात्रा को सुगम बनाना है। अपनी यात्रा की झलक साझा कर केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने बताया कि लाल सागर के तट पर स्थित यह मस्जिद आध्यात्मिक महत्व और वास्तुकला की सुंदरता का एक अद्भुत संगम है, जो सऊदी अरब की समृद्ध इस्लामी विरासत को दिखाता है।
केंद्रीय मंत्री रिजिजू शुक्रवार को ही छठे हज सम्मेलन और प्रदर्शनी 2027 में शामिल होने जेद्दा पहुंचे थे। जेद्दा में भारतीय महावाणिज्य दूत फहद सूरी ने हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने सम्मेलन में भागीदारी और द्विपक्षीय हज समझौते पर हस्ताक्षर की बात कही। उन्होंने कहा कि उनकी बातचीत का मुख्य उद्देश्य सभी भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए एक सुगम, सुरक्षित और आरामदायक हज यात्रा सुनिश्चित करना है।
गौरतलब है कि पिछले महीने, हज 2027 की तैयारियों को लेकर भारतीय राजदूत विपुल और सऊदी अरब के हज और उमराह उप-मंत्री अब्दुलफत्ताह बिन सुलेमान अल-मशात के बीच बैठक हुई थी। इसकी जानकारी जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने दी थी, जिसमें बताया गया था कि राजदूत ने महावाणिज्य दूत सूरी और कॉन्सुल (हज) सदफ चौधरी के साथ मिलकर उप-मंत्री से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने हज 2027 की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की और आगामी हज के लिए भारतीय हज मिशन तथा सऊदी मंत्रालय के बीच निरंतर और करीबी समन्वय पर चर्चा की।
महावाणिज्य दूतावास ने बताया कि तैयारियों के एक हिस्से के रूप में, राजदूत ने महावाणिज्य दूत और कॉन्सुल (हज) के साथ मिलकर जेद्दा हवाई अड्डे के हज टर्मिनल और हरमैन हाई-स्पीड रेलवे स्टेशन का भी दौरा किया। हज कमेटी ऑफ इंडिया के रास्ते यात्रा करने वाले एक लाख से अधिक भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए ये केंद्र आगमन और आगे की यात्रा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। दौरे के दौरान, राजदूत ने दोनों जगहों पर सुविधाओं, बुनियादी ढांचे और परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आगामी हज की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों से बातचीत की।