शरद पवार की तबीयत में सुधार, ब्रीच कैंडी अस्पताल से मिली छुट्टी

ताज़ा खबर देश-विदेश

सीने और सांस से जुड़ा संक्रमण होने के बाद कराया गया था भर्ती
मुंबई । महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। 85 साल के शरद पवार की तबीयत में सुधार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर जाने की इजाजत दी। उन्हें सीने और सांस से जुड़ा संक्रमण होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक शरद पवार इलाज पर अच्छी प्रतिक्रिया दे रहे थे। उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा था। इससे पहले डॉक्टरों ने कहा था कि उनकी हालत स्थिर है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शरद पवार को 2 नवंबर को पुणे में भर्ती कराया गया था। उन्हें खांसी और सीने में दर्द की शिकायत थी। डॉक्टरों ने उनकी जांच की थी। उन्हें कुछ समय तक निगरानी में भी रखा गया। जांच के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई थी। 4 नवंबर को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। इसके बाद वह मुंबई पहुंचे। यहां उन्हें आगे की जांच और इलाज के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया था कि उन्हें सीने और सांस से जुड़ा संक्रमण है। उन्हें ब्रोंकाइटिस जैसी परेशानी भी थी।
शरद पवार की तबीयत जानने के लिए कई नेता अस्पताल पहुंचे थे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी उनसे मुलाकात की थी। शिंदे ने बताया था कि पवार की सेहत ठीक है, उनके मेडिकल पैरामीटर सामान्य हैं। उन्होंने कहा था कि पवार से बातचीत भी हुई। एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल भी अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने शरद पवार का हाल जाना। पीएम मोदी ने भी फोन कर उनकी सेहत की जानकारी ली थी। उन्होंने पवार के जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद उनके समर्थक लगातार उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी ले रहे थे।