पीएम मोदी ने साझा किया चाणक्य के नीति-वचनों से जुड़ा सुभाषित और बोले….

ताज़ा खबर देश-विदेश

कर्म, धन, अन्न, गुरु वचन और औषधि का सही उपयोग जरूरी
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आचार्य चाणक्य के नीति-वचनों से जुड़ा एक संस्कृत सुभाषित साझा किया। इसके माध्यम से उन्होंने जीवन में धर्म, धन, धान्य, गुरु के वचन और औषधि जैसे महत्वपूर्ण तत्वों को उचित रीति से ग्रहण करने और उनका सही उपयोग करने का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पोस्ट में संस्कृत श्लोक साझा करते हुए लिखा, “धर्मं धनं च धान्यं च गुरोर्वचनमौषधम्। सुगृहीतं च कर्तव्यमन्यथा तु न जीवति॥” अर्थात धर्म यानी अच्छे कर्म और पुण्य, धन यानी ईमानदारी से अर्जित संपत्ति, धान्य यानी अन्न-भोजन, गुरु के वचन यानी उनकी शिक्षा और मार्गदर्शन तथा औषधि को उचित तरीके से ग्रहण और आत्मसात करना चाहिए। इनका सही उपयोग न किया जाए तो जीवन में इनका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता।
यह सुभाषित आचार्य चाणक्य की प्रसिद्ध रचना ‘चाणक्य नीति’ के 14वें अध्याय के 19वें श्लोक के रूप में बताया गया है। चाणक्य ने इस श्लोक के माध्यम से जीवन के लिए आवश्यक पांच महत्वपूर्ण पक्षों की ओर ध्यान दिलाया है। उनके अनुसार नैतिक आचरण, सत्य और कर्तव्य का पालन मनुष्य के जीवन का आधार है। धर्म से विमुख जीवन को उन्होंने पशु के समान बताया है।
श्लोक में धन के महत्व को भी रेखांकित किया गया है। चाणक्य के अनुसार संकट के समय तथा परिवार के भरण-पोषण के लिए धन का संचय आवश्यक है। इसी तरह भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अन्न या धान्य का पर्याप्त संग्रह होना चाहिए, ताकि कठिन परिस्थितियों में भोजन का संकट उत्पन्न न हो।
गुरु या मार्गदर्शक के वचनों को जीवन में उचित स्थान देने की सलाह भी इसमें दी गई है। सही शिक्षा और मार्गदर्शन व्यक्ति को उचित दिशा प्रदान करते हैं। वहीं बीमारी की स्थिति में समय पर उचित औषधि का सेवन स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। इस प्रकार सुभाषित जीवन की सुरक्षा, अनुशासन और संतुलन के लिए इन पांचों तत्वों के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश देता है।