लाहौर में विश्व पंजाबी सम्मेलन का मुख्य अतिथि बनने का मिला निमंत्रण
नई दिल्ली । पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में होने वाले ‘विश्व पंजाबी सम्मेलन’ में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किए जाने पर विदेश मंत्रालय ने कहा है कि दूसरे देशों के साथ संबंधों को लेकर भारत की स्पष्ट राष्ट्रीय नीति है और सभी से इसका पालन करने की अपेक्षा की जाती है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि विदेश जाने वाले जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों को राजनीतिक मंजूरी देने के मामले में मंत्रालय निर्धारित प्रक्रिया के तहत आकलन करता है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को लेकर भारत का रुख सभी के सामने स्पष्ट है।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब विधानसभा के सदस्यों को पाकिस्तान आने का औपचारिक तथा मौखिक निमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि यह निमंत्रण पाकिस्तान पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज की ओर से भी दिया गया है। सम्मेलन लाहौर में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
एफएटीएफ बैठकों में भारत की सक्रिय भागीदारी
जायसवाल ने बताया कि भारत ने पेरिस में आयोजित वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (एफएटीएफ) की पूर्ण बैठक और कार्य समूह की बैठकों में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि एफएटीएफ अवैध वित्तीय गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करता है। भारत ने इन बैठकों में मनी लॉन्ड्रिंग, आतंकवाद के वित्तपोषण और सामूहिक विनाश के हथियारों के प्रसार के लिए होने वाली फंडिंग को रोकने वाले वैश्विक तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से भाग लिया।
भारत-बांग्लादेश कांसुलर वार्ता जल्द
विदेश मंत्रालय ने भारत-बांग्लादेश के बीच आगामी कांसुलर वार्ता को लेकर भी जानकारी दी। जायसवाल ने कहा कि भारत दोनों देशों के बीच सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य की ओर देखने वाले संबंधों का पक्षधर है। इसी दिशा में व्यापार, रेलवे, जल संसाधन और सीमा प्रबंधन समेत विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित तंत्रों के तहत पहल और बैठकें हुई हैं। उन्होंने कहा कि भारत-बांग्लादेश कांसुलर वार्ता का अगला दौर आपसी सहमति से तय सुविधाजनक तारीख पर आयोजित किया जाएगा। इसमें संशोधित यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी। भारत तकनीकी स्तर समेत मौजूदा तंत्रों के माध्यम से बांग्लादेश के साथ सभी द्विपक्षीय और अन्य संबंधित मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार है।

