-गिग वर्कर्स से मुलाकात कर जानी समस्याएं, सीएम रेड्डी भी रैली में हुए शामिल
हैदराबाद । कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को हैदराबाद में गिग वर्कर्स की बाइक रैली में शामिल हुए। इस दौरान वह एक गिग वर्कर की स्कूटी पर पीछे बैठकर रैली में पहुंचे। उनके इस अलग अंदाज वाला वीडियो फुटेज खासा वायरल हो रहा है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी रैली में शामिल हुए। राहुल गांधी ने रैली के दौरान डिलीवरी एजेंट्स और गिग वर्कर्स से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
हैदराबाद में आयोजित बाइक रैली शिल्पाकला वेदिका से शुरू हुई। राहुल गांधी स्कूटी पर बैठकर रैली के साथ नोवोटेल होटल के पास पहुंचे, जहां उन्होंने गिग वर्कर्स को संबोधित किया। बताया गया कि राहुल गांधी ‘भारत समिट 2026’ में शामिल होने के लिए शुक्रवार रात हैदराबाद पहुंचे थे और नोवोटेल होटल में ठहरे थे। हैदराबाद पहुंचने पर राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, राज्य सरकार के अन्य मंत्रियों और कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया था।
होटल के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रैली में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले नोवोटेल होटल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। हाई-प्रोफाइल सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत डॉग स्क्वॉड ने होटल और आसपास के इलाके की जांच की। इसके अलावा वाहनों की आवाजाही पर भी सुरक्षा एजेंसियों ने कड़ी नजर रखी। रैली के दौरान राहुल गांधी ने गिग वर्कर्स से मुलाकात उनकी समस्याओं को जाना। राहुल ने वर्कर्स से संवाद करते हुए उनके कामकाज से जुड़ी चुनौतियों और समस्याओं को समझने का प्रयास किया है।

