सीएम डॉ. यादव ने खेला उद्घाटन शॉट, बोले- खेल अकादमी के लिए जमीन देगी सरकार

इंदौर ताज़ा खबर

:: इंदौर में विश्व स्नूकर चैंपियनशिप का शुभारंभ; 35 देशों के 150 से ज्यादा खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, भारतीय महासंघ के शताब्दी वर्ष में आयोजन ::
इंदौर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को यशवंत क्लब में स्नूकर टेबल पर उद्घाटन शॉट खेलकर विश्व स्नूकर चैंपियनशिप-2026 का औपचारिक शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में किसी भी खेल की अकादमी खोलने के लिए जमीन की जरूरत होने पर सरकार उपलब्ध कराएगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित करने में भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (बीएसएफआई) की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस चैंपियनशिप में 35 देशों के 150 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। समारोह में मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्नूकर खिलाड़ी पंकज आडवाणी के साथ बिलियर्ड्स टेबल पर भी हाथ आजमाया।
मुख्यमंत्री ने महासंघ के 100 वर्ष पूरे होने को भारतीय खेल जगत की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। विदेशी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि इंदौर मां अहिल्या की नगरी और मालवा की आर्थिक राजधानी है। यहां अतिथि सत्कार की समृद्ध परंपरा है। प्रदेश में आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर आतिथ्य और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
:: तीन दिन में प्रदेश में दो अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन ::
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में तीन दिनों के भीतर दो अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। स्नूकर चैंपियनशिप के बाद 19 नवंबर को महिला हॉकी की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता भी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
:: प्रशिक्षकों को भी मिलें पदोन्नति के अवसर ::
डॉ. यादव ने कहा कि खिलाड़ियों के साथ खेल प्रशिक्षकों का भविष्य भी सुरक्षित होना चाहिए। प्रशिक्षक नई प्रतिभाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्री रहते हुए खेल प्रशिक्षकों से जुड़ी व्यवस्थाओं में संशोधन किए थे, ताकि उन्हें उच्च शैक्षणिक पदों और पदोन्नति के अवसर मिल सकें। नई शिक्षा नीति में खेलों को विषय के रूप में शामिल करने से विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
:: आज से पुरुषों का मुख्य दौर, महिला वर्ग के मुकाबले भी ::
पुरुष वर्ग के पहले चरण के मुकाबले पूरे होने के बाद सोमवार से मुख्य दौर शुरू होगा। इसके साथ ही महिला विश्व स्नूकर चैंपियनशिप के मुकाबले भी शुरू होंगे। पुरुष खिलाड़ी नॉकआउट दौर में जगह बनाने के लिए मुकाबला करेंगे।
:: गीत सेठी, पंकज आडवाणी सहित अंतरराष्ट्रीय हस्तियां मौजूद ::
उद्घाटन समारोह में अंतरराष्ट्रीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के उपाध्यक्ष जिम लीसी, कोषाध्यक्ष जोसेफ लो और खेल निदेशक विक्टोरिया जेड्रुशेक मौजूद रहे। भारतीय महासंघ के अध्यक्ष एस. बालासुब्रमण्यम और महासचिव सुनील बजाज भी शामिल हुए। दिग्गज खिलाड़ी गीत सेठी और पंकज आडवाणी की मौजूदगी समारोह का खास आकर्षण रही।
कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, मध्यप्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर संघ के भोलू मेहता और अश्विनी पुराणिक तथा यशवंत क्लब के विजय कस्तूरी और जीतू जैन सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
प्रकाश/16 नवंबर 2026