-सोशल मीडिया पर दी सफाई और बोलीं- गलत तरीके से पेश कर झूठ फैलाया जा रहा
मुंबई । महाराष्ट्र की राजनीति में शिवसेना (शिंदे गुट) की प्रवक्ता शाइना एनसी एक वायरल वीडियो को लेकर विवादों में आ गई हैं। मुंबई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तस्वीरें फाड़ते समय कथित तौर पर उन्होंने बाला साहेब ठाकरे की तस्वीर भी फाड़ना शुरू कर दिया। हालांकि, पास बैठे शिवसेना नेता संजय निरुपम ने उन्हें तुरंत टोका, जिसके बाद उन्होंने तस्वीर नीचे रख दी।
यह प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब बिलॉंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव में स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर के कथित उल्लेखों के विरोध में आयोजित की गई थी। शिवसेना नेताओं ने किताब की प्रतियों और कुछ तस्वीरों को फाड़कर विरोध जताया। उनका आरोप है कि किताब के पेज 201 और 443 पर सावरकर के ब्रिटिश सरकार को माफी के लिए पत्र लिखने का उल्लेख किया गया है।
इसी दौरान शाइना एनसी के हाथ में एक तस्वीर थी, जिसमें बाला साहेब ठाकरे और कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर नजर आ रहे थे। वर्ष 2004 में सावरकर मुद्दे पर बाला साहेब द्वारा अय्यर के विरोध से जुड़ी इस तस्वीर को फाड़ते समय शाइना से कथित तौर पर चूक हुई।
विवाद बढ़ने पर शाइना ने सोशल मीडिया पर सफाई दी। उन्होंने बाला साहेब का अपमान करने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि घटना को गलत तरीके से पेश कर झूठा नैरेटिव बनाया जा रहा है। उन्होंने मानहानिकारक दावे करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

