पीएम मोदी ने विदेशी मेहमानों को पेश किए भारतीय कला के बेजोड़ नज़राने

देश-विदेश

मधुच्छिष्ट विधान, रोज क्वार्ट्ज से लेकर कच्छ की दुर्लभ रोगन कला
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस के मनीला दौरे के दौरान इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम के शीर्ष नेताओं को भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत से जुड़े अद्वितीय पारंपरिक उपहार भेंट किए। इन उपहारों के माध्यम से भारत ने अपनी प्राचीन कला, शिल्प और परंपराओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया, इससे मित्र देशों के साथ संबंधों को और मजबूत कर सके।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो को दक्षिण भारत की प्रतिष्ठित चोलकालीन शैली की एक पारंपरिक कांस्य मूर्ति भेंट की गई। नौवीं से तेरहवीं शताब्दी के बीच विकसित हुई ये मूर्तियां, मधुच्छिष्ट विधान नामक प्राचीन लॉस्ट-वैक्स कास्टिंग तकनीक से बनाती हैं। इनकी सटीक शारीरिक बनावट और सुंदर आकृतियां तमिलनाडु की उन्नत धातु-कला और कलात्मक धरोहर का प्रतीक हैं।
लाओस के प्रधानमंत्री सोनेक्से सिफानडोन को सोने के काम से सजा एक रोज क्वार्ट्ज हाथी उपहार में मिला। राजस्थान के जयपुर की पत्थर नक्काशी की कला को दिखाती यह कृति, प्राकृतिक रोज क्वार्ट्ज को तराशकर बनाई गई है, जिस पर हाथ से सोने की बारीक नक्काशी की गई है। भारतीय परंपरा में हाथी शक्ति, बुद्धिमत्ता और शाही वैभव का प्रतीक है, और यह उपहार भारत की उत्कृष्ट हस्तशिल्प और शाही सजावटी कलाओं की समृद्ध विरासत को दिखाता है।
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को चांदी के काम वाली एक उरली दी गई। यह पारंपरिक भारतीय सजावटी पात्र, इस पर चांदी की बारीक नक्काशी की गई है, भारतीय धातु कारीगरों के कौशल और कलात्मकता का प्रमाण है। पारंपरिक रूप से पानी से भरी और तैरते फूलों से सजाई जाने वाली यह उरली पवित्रता, समृद्धि और मेहमाननवाजी का प्रतीक मानी जाती है। थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल को गुजरात के कच्छ की दुर्लभ रोगन कला से बनी पेंटिंग भेंट की गई। कच्छ के निरोना गांव के कुछ ही कारीगर परिवारों द्वारा सदियों से सहेजी गई कपड़ा-चित्रकला में अरंडी के तेल और प्राकृतिक रंगों से बने गाढ़े, लचीले पेंट का उपयोग होता है। कारीगर एक पतले धातु के स्टाइलस की मदद से कपड़े पर हाथ से बारीक डिजाइन बनाते हैं और फिर उस मोड़कर उसका हूबहू मिरर इमेज कपड़े के दूसरे हिस्से पर छापते हैं। यह कला कच्छ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कारीगरों की अद्भुत रचनात्मकता को दिखाती है।
तिमोर-लेस्ते के प्रधानमंत्री काय राला जानाना गुसमाओ को गुजरात के खंभात से निर्मित एक हस्तनिर्मित अगेट का कटोरा मिला। यह अर्ध-कीमती रत्न अगेट से बना एक अनूठा पत्थर का बर्तन है, जो अपनी विशिष्ट प्राकृतिक धारियों, रंगों और बनावट के लिए जाना जाता है। खंभात सदियों से अगेट प्रसंस्करण और पत्थर की नक्काशी का केंद्र रहा है, जहां कुशल कारीगर इस पत्थर को सावधानीपूर्वक काटते, आकार देते और पॉलिश करते हैं। वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग को एक पारंपरिक भारतीय चमड़े का दीवार पर टांगने वाला आभूषण (वॉल हैंगिंग) दिया गया। यह हस्तनिर्मित सजावटी कलाकृति भारत की समृद्ध लोक कला विरासत को प्रदर्शित करती है। कुशल कारीगर चमड़े को नरम करके उस पर छिद्रण, उभार और चित्रकारी के माध्यम से जटिल पुष्प, ज्यामितीय और वन्यजीव रूपांकन बनाते हैं, जिनमें अक्सर प्राकृतिक वनस्पति रंगों का उपयोग किया जाता है। ग्रामीण परंपराओं में निहित ये कलाकृतियां क्षेत्रीय कलात्मक शैलियों और कहानी कहने की कला को दर्शाती हैं।
ये उपहार न केवल कलात्मक उत्कृष्टता के उदाहरण हैं, बल्कि भारत की गहरी सांस्कृतिक जड़ों और उसके हस्तशिल्प उद्योग के महत्व को भी रेखांकित करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के इन उपहारों के माध्यम से भारत ने अपनी वसुधैव कुटुंबकम् की भावना और साझा विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त किया है, साथ ही अपनी अनमोल कला परंपराओं को वैश्विक मंच पर सराहा है।