इन्दौर (ईएमएस) कल आधी रात के बाद हुए एक सनसनीखेज घटनाक्रम में इन्दौर के एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। और तेज हवा के चलते देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया जिसमें वहां डिपो में कड़ी पांच चार्टर्ड बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ अन्य बसों को सुरक्षित दूरी पर हटवाने के साथ स्थिति पय काबू पाया। हादसे के वक्त डिपो परिसर में आई-बस और चार्टर्ड की कई अन्य बसें भी खड़ी थीं। प्रारंभिक जांच में जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार आग डिपो परिसर के पास पड़े कचरे में अचानक लगी थी और हवा के कारण लपटें तेजी से फैलीं और पास में खड़ी बसों तक पहुंच गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चार से पांच बसें इसकी चपेट में आ गईं। डिपो कर्मचारियों और अन्य लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब दो घंटे पानी की बौछार की और आग को दूसरी बसों तक फैलने से रोका। अब आग से हुए नुकसान के आकलन के साथ ही आग लगने के कारण की जांच कार्रवाई की जा रही है।

