टीचर ने ड्रेस कोड में स्कूल आने को कहा, छात्र ने भी पीटकर किया अधमरा

FEATURED मध्य प्रदेश

जौनपुर (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक कलयुगी छात्र का चेहरा सामने आया है। जानकारी के अनुसार यहां एक छात्र ने अपने ही शिक्षक के साथ मारपीट की जिसके बाद बेहोशी की हालत में शिक्षक को स्थानीय अस्पताल भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि टीचर की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस में शिकायत के बाद आरोपी छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मामला सरपतहा थाना क्षेत्र स्थित रामनगर कटघर गांव का है, जहां एक शिक्षक शिव कुमार यादव इंदिरा स्मारक इंटर कॉलेज में पढ़ाते हैं। आरोपी छात्र भी इसी स्कूल का छात्र बताया जा रहा है। सूचनानुसार शिव कुमार ने ड्रेस पहन कर स्कूल जाने पर आरोपी छात्र को डांट लगाई थी, जिससे वह नाराज हो गया। छात्र की नाराजगी इस हद तक बढ़ गई थी, उसने शिक्षक को पीटने के लिए प्लान बना लिया। इसके बाद छात्र ने परिजनों के साथ मिलकर शिक्षक शिव कुमार यादव पर लोहे की रॉड एवं लाठी डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में शिक्षक बुरी तरह से घायल हो गए, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि विद्यालय से घर लौटते वक्त पहले से ही घात लगाए बैठे छात्र ने गांव से थोड़ी दूर पर शिक्षक पर हमला किया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। शिक्षक अभी बेहोशी की हालत में है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी छात्र की तलाश शुरू कर दी है।
हर्षिता/ईएमएस 28 नवंबर 2018

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *