(मुंबई) अठावले की राहुल को सलाह, ‘पप्पू’ नहीं अब आपको ‘पापा’ बनना चाहिए, जल्दी कीजिए शादी

Uncategorized

मुंबई(ईएमएस)। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को शादी करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा राहुल गांधी को पापा होने के लिए जल्दी शादी करनी चाहिए। अठावले ने कहा राहुल गांधी को लोग पप्पू बोलते हैं, लेकिन उनको मेरा यह सुझाव कि पप्पू नहीं आपको पापा होना चाहिए और पापा होने के लिए जल्दी शादी करनी चाहिए। आपको तीन राज्यों में सफलता मिली है। राहुल गांधी शादी करें और पापा बनने का काम करें। अठावले की पार्टी आरपीआई (ए) एनडीए का एक सहयोगी दल है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के चुनाव में कांग्रेस की जीत की पृष्ठभूमि में अठावले ने संकेत दिए कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी एक परिपक्व नेता बन गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भाजपा की चुनावी हार का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कुछ लेना देना नहीं है।
अठावले ने कहा चुनाव में हार भाजपा की है न कि नरेन्द्र मोदी की। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि शिवसेना को भाजपा के साथ अपना गठबंधन बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा यदि यह गठबंधन जारी नहीं रहा तो शिवसेना का नुकसान होगा। मैं शिवसेना के प्रमुख उद्धव ठाकरे से सेना सुप्रीमो बाल ठाकरे के सपनों को पूरा करने की अपील करता हूं। उसे (सेना) अकेले चुनाव लड़ने के बारे में नहीं सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कांग्रेस को इस धारणा में नहीं रहना चाहिए कि केवल राफेल सौदे को उठाकर वह 2019 का चुनाव जीत लेगी।
अनिरुद्ध, ईएमएस, 17 दिसंबर 2018

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *