सूडान में सड़क दुर्घटना में 14 की मौत, 37 घायल

ताज़ा खबर

खार्तूम 19 दिसंबर (शिन्हुआ) सूडान के उत्तरी दार्फूर प्रांत में मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गयी तथा 37 अन्य घायल हो गए।
आशूरूक नेट ने एक रिपोर्ट में इस बात की जानकारी दी। रिपोर्ट के मुताबिक उत्तरी दार्फूर के उम कदादा में यह दुर्घटना उस समय हुई जब राजधानी खार्तूम की ओर जा रही एक बस पलट गयी।
उम कदादा के कमिश्नर मोहम्मद उस्मान इब्राहिम ने बताया कि इस दुर्घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए उम कदादा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल लोगों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
उत्तरी दार्फूर की यातायात पुलिस के निदेशक अहमद मोहम्मद हामिद ने इस दुर्घटना में 14 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। मारे गए लोगों में चार महिलाएं और 10 पुरुष शामिल हैं। श्री मोहम्मद हामिद ने बताया कि यह दुर्घटना बस का अगला पहिया फटने के कारण हुई।
सूडान में लापरवाही से गाड़ी चलाने और सड़कों की खराब स्थिति के कारण कई दुर्घटनाएं होती हैं। सूडान उन देशों में है जहां सड़क दुर्घटनाएं बहुत अधिक होती हैं।
सूडान के गृह मंत्रालय ने हाल ही में एक बयान जारी कर कहा था कि देश में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रमुख राजमार्गों पर वाहनों की गति पर निगरानी करने के लिए रडार लगाने का काम किया जायेगा।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *