राहुल गांधी के ट्वीट पर मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का पलटवार

Uncategorized

अहमदाबाद (ईएमएस)| असम में किसानों की कर्ज माफी और गुजरात के ग्रामीण क्षेत्रों के बकाया बिजली बिल माफ करने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के ट्वीट पर मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पलटवार किया है|
मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने सत्ता संभालते ही किसानों की कर्ज माफी का ऐलान कर दिया है| किसानों की कर्ज माफी को लेकर राहुल गांधी लगातार पीएम मोदी समेत भाजपा पर प्रहार कर रहे हैं| राहुल गांधी ने आज ट्वीट कर कहा कि “असम सरकार ने किसानों का कर्ज और गुजरात में बिजली बिल माफ कर दिए हैं|” गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने राहुल गांधी के ट्वीट पर पलटवार करते हुए कहा कि “देशभर में हारने वाली कांग्रेस बहुत समय के बाद तीन राज्यों में जीती है| इस जीत का उत्साह राहुल गांधी के ट्वीट दिखता है|” मुख्यमंत्री ने दूसरे ट्वीट में कहा कि “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात ने हमेशा किसानों के लिए अच्छे फैसले किए हैं| यही कारण है कि 22 साल के शासन के बाद भी गुजरात के किसानों ने एक बार फिर भाजपा को अपनी सेवा का अवसर दिया| गुजरात की जनता ने कांग्रेस को सातवीं बार नकार दिया है|”
गौरतलब है मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में किसानों की कर्ज माफी के बाद असम सरकार ने राज्य के किसानों का रु. 600 करोड़ का कर्ज माफ कर दिया है| असम सरकार के इस फैसले का लाभ करीब आठ लाख किसानों को मिलेगा| वहीं गुजरात सरकार ने राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों के रु. 625 करोड़ के बकाया बिजली बिल माफ कर दिए हैं|
सतीश/19 दिसंबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *