इंडोनेशिया में सुनामी से 168 की मौत, 745 घायल

जकार्ता,23 दिसंबर (वार्ता) इंडोनेशिया के पश्चिम में जावा और सुमात्रा के मध्य स्थित सुन्डा जलसंधि क्षेत्र में सुनामी के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 168 और घायलों की संख्या बढ़कर 745 हो गयी है। इंडोनेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने रविवार को यह जानकारी दी।
सुनामी से जावा में बांटेन प्रांत का पांडेगलांग जिला सबसे बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के दक्षिण पश्चिम में स्थित लोकप्रिय बीच और उजुंग कुलोंग राष्ट्रीय उद्यान भी सुनामी के सबसे बुरी तरह प्रभावित क्षेत्र में शामिल है।
आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार सुनामी शनिवार रात स्थानीय समयानुसार नौ बजकर 27 मिनट पर सुन्डा जलसंधि समेत बांटेन प्रांत के पांडेगलांग एवं सेरांग जिलों और लाम्पुंग प्रांत के दक्षिण लाम्पुंग से टकरायी।
प्रशासन ने आशंका जतायी है कि अनाक क्राकातोआ ज्वालामुखी फटने से और समुद्र के नीचे चट्टानें खिसकने के कारण समुद्र की लहरें ऊंची उठी और उसने सुनामी का रूप ले लिया।