पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 सीटों पर मतदान शुरू

लखनऊ, 12 मई (वार्ता) लोकसभा चुनाव के छठें चरण में रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश की 14 सीटों के लिये मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया। 

इस चरण में सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अम्बेडकर नगर, श्रावती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज, आज़मगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही वोट डाले जा रहे हैं। भीषण गर्मी के मद्देनजर मतदाताओं के लिए पीने का पानी, शेड और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी है। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा हालांकि निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी कतार में लगे लोग वोट डाल सकेंगे।

शान्तिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिये 29,076 मतदान केन्द्रों पर 1.5 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। छठें चरण में कुल 174 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चरण में कुल 2,53,99,955 मतदाताओं में 1,36,96,126 पुरुष और 1,17,02,297 महिलायें शामिल है।

इस चरण में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (आजमगढ़),केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी (सुल्तानपुर), प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी (इलाहाबाद), औेर मुकुट बिहारी वर्मा(अंबेडकरनगर), भाजपा नेता जगदंबिका पाल (डुमरियागंज), कांग्रेस के रमाकांत यादव(भदोही) औेर संजय सिंह(सुलतानपुर), के भाग्य का फैसला होगा। 

भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ ​​निरहुआ, आजमगढ़ से अखिलेश यादव के खिलाफ भाजपा के उम्मीदवार हैं, जबकि कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के खिलाफ सुल्तानपुर से डॉ0 संजय सिंह को मैदान में उतारा है।

वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में इस चरण की आजमगढ़ संसदीय सीट को छोड़कर सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा था। इस चरण में सबसे अधिक 20 उम्मीदवार जौनपुर संसदीय सीट पर चुनाव मैदान में हैं। इसके बाद सुल्तानपुर, लालगंज, आजमगढ़ और मच्छलीशहर में 15-15, फूलपुर और इलाहाबाद में 14-14, भदोई में 12, अंबेडकरनगर और बस्ती में 11-11, श्रावती में दस, प्रतापगढ़ में आठ और संत कबीर नगर और डुमरियागंज में सबसे कम सात सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में है।

प्रदीप

वार्ता