छठे चरण में 59 लोकसभा सीटों के लिए मतदान शुरू

नयी दिल्ली, 12 मई (वार्ता) लोकसभा चुनाव के छठे चरण में सात राज्यों में 59 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हो गया। 

इसके साथ ही त्रिपुरा की पश्चिम त्रिपुरा लोकसभा सीट के 168 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान हो रहा है। इस सीट के लिए 11 अप्रैल को मतदान हुआ था लेकिन विपक्षी दलों ने धांधली होने का आरोप लगाते हुए चुनाव रद्द करने की मांग की थी। 

इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की सभी 10, बिहार, मध्य प्रदेश तथा पश्चिम बंगाल की आठ-आठ, दिल्ली की सभी सात और झारखंड की चार सीटों के लिए मतदान हो रहा है। शाम छह बजे तक चलने वाले मतदान के लिए कुल एक लाख 13 हजार 167 मतदान केंद्र बनाए गये हैं जिन पर 10,17,82,472 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें 5,42,60,965 पुरुष, 4,75,18,226 महिलाएं और 3,281 किन्नर मतदाता हैं। इस चरण में कुल 979 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

छठे चरण में चार मुख्यमंत्रियों तथा कुछ केंद्रीय मंत्रियों साहित कई दिग्गजों की चुनावी किस्मत का फैसला होना है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट से दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, भोपाल सीट से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह तथा सोनीपत सीट से हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा कांग्रेस के टिकट पर और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आजमगढ़ सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं।

केंद्रीय मंत्री मेनका गाँधी उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से, डॉ. हर्षवर्द्धन दिल्ली के चाँदनी चौक से, राधा मोहन सिंह बिहार के पूर्वी चम्पारण से, नरेंद्र सिंह तोमर मध्य प्रदेश के मुरैना और राव इंद्रजीत सिंह हरियाणा की गुड़गाँव सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड रहे हैं।

इस चरण के अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में भाजपा की साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर भोपाल सीट पर श्री दिग्विजय सिंह को, भाजपा के मनोज तिवारी उत्तर-पूर्वी दिल्ली से श्रीमती दीक्षित को, भाजपा के दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ आजमगढ़ से श्री अखिलेश यादव को और कांग्रेस के जे.पी. अग्रवाल डॉ. हर्षवर्द्धन को चाँदनी चौक सीट पर टक्कर दे रहे हैं। श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा सोनीपत से, ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना से, कीर्ति आजाद धनबाद से, पूर्व मुक्केबाज बिजेंदर सिह दक्षिणी दिल्ली से, कुमारी शैलजा अम्बाला से, अजय माकन नयी दिल्ली से और अरविंदर सिंह लवली पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।

पूर्व क्रिकटर गौतम गंभीर पूर्वी दिल्ली से, मीनाक्षी लेखी नयी दिल्ली से तथा रीता बहुगुणा जोशी इलाहाबाद से भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह बिहार के वैशाली सीट से, बहुजन समाज पार्टी के अनिरुद्ध उर्फ साधु यादव बिहार के महाराजगंज से चुनाव लड़ रहे हैं। जननायक जनता पार्टी के दुष्यंत चौटाला हरियाणा के हिसार से चुनाव लड़ रहे हैं। पिछली बार वह इंडियन नेशनल लोकदल के टिकट पर लोकसभा पहुंचे थे। 

त्रिपुरा पश्चिम सीट पर धांधली का आरोप लगाते हुए विपक्षी दलों ने 1679 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान की मांग की थी, लेकिन चुनाव आयोग ने 168 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का फैसला लिया। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीराम तरणीकांति के अनुसार इन केंद्रों पर मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। इसके लिए 1200 निर्वाचन अधिकारियों के साथ 2000 से अधिक अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। इस सीट पर 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 

अभिनव, उनियाल,शोभित 

वार्ता