बिहार की आठ लोकसभा सीट पर पड़े 15.85 प्रतिशत वोट

पटना 12 मई (वार्ता) बिहार में छठे चरण में आठ लोकसभा क्षेत्र वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, वैशाली, सिवान, शिवहर, गोपालगंज (सुरक्षित) और महाराजगंज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे मतदान में आज पहले तीने घंटे में 15.85 प्रतिशत वोट पड़े।

राज्य कार्यालय सूत्रों ने यहां बताया कि इन आठ सीट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। पहले तीन घंटे यानी सुबह 10 बजे तक इन संसदीय क्षेत्र में 15.85 प्रतिशत वोट पड़े हैं। इस दौरान वैशाली सीट पर मतदान का प्रतिशत सबसे अधिक 20 रहा। इसके बाद महाराजगंज में 16.90 प्रतिशत, गोपालगंज (सु) में 16.40 प्रतिशत, पूर्वी चंपारण में 16.40 प्रतिशत, शिवहर में 15.70 प्रतिशत, सिवान में 15 प्रतिशत, वाल्मीकिनगर में 13.07 प्रतिशत और पश्चिम चंपारण में 13.01 प्रतिशत मतदान हुआ। 

मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतार देखी जा रही है। गर्मी के कारण लोग काफी संख्या में सुबह ही मतदान करने को निकल चुके हैं। मतदाताओं में महिलाओं की संख्या भी अच्छी खासी देखी जा रही है। राज्य में कही से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

उल्लेखनीय है कि इस चरण के संसदीय क्षेत्रों में कुल 127 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहें हैं, जिनमें 111 पुरुष एवं 16 महिला शामिल हैं। आज कुल 13802576 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें 7305983 पुरुष एवं 6496117 महिला शामिल हैं। 

इस चरण में पूर्वी चंपारण से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी एवं केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह का मुकाबला कांग्रेस के बिहार के चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष अखिलेश सिंह के पुत्र और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के उम्मीदवार आकाश कुमार सिंह से है। वहीं वैशाली में राजद के रघुवंश प्रसाद सिंह के मुकाबले में लोजपा की वीणा सिंह उतरी हैं। इसी तरह शिवहर में भाजपा की रमा देवी और राजद के सैयद फैसल अली मुकाबले में हैं। सीवान में दो महिलाओं के बीच टक्कर है। राजद ने यहां पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब को फिर से मैदान में उतारा है वहीं जदयू ने उनके मुकाबले में विधायक कविता सिंह को उतारा है। महाराजगंज में भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल का मुकाबला पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के बेटे और राजद उम्मीदवार रंधीर कुमार सिंह से है।

सूरज शिवा

वार्ता