अमेरिका के नौसेना प्रमुख भारत के दौरे पर

नयी दिल्ली, 13 मई (वार्ता) अमेरिका के नौसेना प्रमुख एडमिरल जॉन माइकल रिचर्डसन भारत की तीन दिन की यात्रा पर रविवार को यहां पहुंचे। इस यात्रा का उद्देश्‍य भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय नौसैनिक संबंधों को और मजबूत बनाने तथा नौसैनिक सहयोग की नई संभावनाएं तलाशना है।

रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एडमिरल जॉन एम. रिचर्डसन ने सोमवार को भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा से बातचीत की। उन्‍होंने रक्षा सचिव, वायुसेना प्रमुख और उपसेना प्रमुख सहित कई वरिष्‍ठ सैन्‍य अधिकारियों से भी मुलाकात की। इन बैठकों में दोनों देशों के बीच मुख्‍य रूप से नौसेना परिचालन और अभ्‍यास, साझा प्रशिक्षण, सूचनाओं के आदान प्रदान ,क्षमता विकास और दक्षता वृद्धि जैसे विषयों पर चर्चा की गई। 

भारतीय और अमेरिकी नौसेना द्विपक्षीय और बहुपक्षीय स्‍तर पर संयुक्‍त रूप से नियमित सुमुद्री अभ्‍यास करती रहती हैं। मालाबार और रिमपैक अभ्‍यास इसके उदाहरण हैं। विभिन्‍न क्षेत्रों में अंतर संस्‍थागत विकास के लिए भी दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच नियमित रूप से विषय संबधी विशेषज्ञताओं को साझा करने की प्रक्रिया चलती रहती है।

वर्ष 2016 में अम‍ेरिका द्वारा अहम रक्षा सहयोगी का दर्जा मिलने के बाद से दोनों देशों के बीच हाल के वर्षों में संबंध और प्रगाढ़ हुए हैं। सितंबर 2018 में आयोजित उद्घाटन मंत्रिस्तरीय 2 प्लस 2 संवाद ने भी दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं।