मोदी जी के नेतृत्व में छठे स्थान पर पहुंची भारत की अर्थव्यवस्था: तोमर

  • केन्द्रीय मंत्री ने कहा- झूठ की राजनीति कर रही कांग्रेस
    खण्डवा(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इन 5 सालों में देश को आगे बढ़ाने वाले अनेक निर्णय लिए हैं। मोदी जी के नेतृत्व में देश ने हर मोर्चे पर सफलता अर्जित की है। मोदी जी के कठोर निर्णय, कुशल नेतृत्व और आर्थिक सुधारों का परिणाम है कि भारत की अर्थव्यवस्था 11 वें स्थान से अब छठे स्थान पर पहुंच गई है। प्रधानमंत्री मोदी आने वाले वर्षों में भारत को विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। यह बात केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने मंगलवार को खण्डवा लोकसभा के पार्टी प्रत्याशी नंदकुमारसिंह चौहान के समर्थन में भगवानपुरा के धूलकोट एवं पंधाना के सिंगोट में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए कही।
  • देश का सम्मान बढ़ाया
    केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने देश के नवनिर्माण की कल्पना को साकार करते हुए देश का दुनिया में मान-सम्मान बढ़ाया है। कांग्रेस झूठ की राजनीति कर रही है। पं. जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, मनमोहन सिंह तक सभी ने गरीबी हटाओ की बातें की और अब राहुल गांधी भी यही बात कह रहे हैं। गरीबी हटाओ कांग्रेस के लिए सिर्फ पॉलिटिकल स्लोगन है। वास्तव में इस देश की जनता को भ्रमित कर वोटों का ध्रुवीकरण करने का कांग्रेस का पुराना इतिहास रहा है।
  • मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला
    श्री तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की बिना बहुमत की सरकार के कारण कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। भ्रष्टाचार चरम पर है। कांग्रेस सरकार तबादला उद्योग में व्यस्त है और भोपाल में दलाल सक्रिय हो गए हैं। चार महीने में अगर यह हालात हैं, तो चार साल में यह सरकार क्या करेगी? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों का कर्जा माफ नहीं किया। अब बैंक उन्हें नोटिस भेज रहे हैं कि पैसा जमा करो, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस के अध्यक्ष ने चुनाव के पहले बड़े बड़े वादे किए थे। कर्जमाफी की बात कही थी और कर्जमाफी न होने पर मुख्यमंत्री बदलने का वादा किया था, लेकिन न कर्जमाफी हुई और न सीएम बदला गया। सभा के दौरान पूर्व मंत्री गौरीशंकर विसेन, रामपाल सिंह, विधायक देवेन्द्र वर्मा, श्रीराम डंगोरे, सुश्री मंजू दादू सहित पदाधिकारी उपस्थित थे।