हाईवे पर चहलकदमी कर रहे 10 फूट लंबे मगरमच्छ वन विभाग ने किया रेस्क्यू

अहमदाबाद | गिर सोमनाथ के कोडीनार-अमरेली हाईवे पर रोनाज गांव के निकट वन विभाग की टीम ने करीब डेढ़ घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन कर एक 10 फूट लंबे खूंखार मगरमच्छ को पिंजरे में कैद किया| विराट मगरमच्छ हाईवे पर रोनाज गांव के निकट सड़क पर टहल रहा था| पिछले एक महीने के भीतर कोडीनार से 7 मगरमच्छों का रेस्क्यू किया गया है|
जानकारी के मुताबिक कोडीनार-अमरेली हाईवे पर रोनाज गांव के निकट एक विराट मगरमच्छ चहलकदमी कर रहा था| इसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग के 8 कर्मचारियों की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और मगरमच्छ को पिंजरे में कैद करने की कवायद शुरू कर दी| जिस जगह मगरमच्छ टहल रहा था वहां मधुमक्खियों का छत्ता होने की वजह से वनकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा| कई बार मधुमक्खियों ने वनकर्मियों पर हमला किया, जिसमें वह घायल भी हुए| लेकिन हिम्मत नहीं हारी और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पिंजरे में कैद कर ही सांस ली| जानकारी के मुताबिक पिछले एक महीने के भीतर कोडीनार में 7 मगरमच्छों का रेस्क्यू किया जा चुका है| जिसमें कोडीनार के नवागाम और गणनी के बीच एक के बाद एक पांच मगरमच्छों का एक महीने में रेस्क्यू किया गया है| इचवड गांव में तीन फूट लंबा मगर एक किसान के घर में घुस गया था| वन विभाग ने इसे पकड़ लिया, परंतु वह रेस्क्यू टीम को चकमा देकर गन्ने के खेत में घुस गई| जिसे बड़ी मुश्किल से दोबारा पकड़ा गया| दरअसल कोडीनार सिंगोला नदी के किनारे बसा है और सिंगोला नदी में बड़ी संख्या में मगमच्छों का बशेरा है| जिसकी वजह से कई दफा मगरमच्छ गांव और खेत या सड़कों पर घुस आते हैं|
सतीश/15 मई