भाजपा के शासनकाल में गरीबी और अन्याय बढ़ा : मायावती

बलिया । बसपा प्रमुख मायावती गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के शासनकाल में गरीबी और अन्याय बढ़ा है। मोदी सरकार ने आम लोगों के विकास का ख्याल नहीं किया है। उनकी नीतियों से धन्नासेठों को फायदा हुआ है। मायावती ने कहा आरक्षण को अब भी प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया है बल्कि इसे खत्म करने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने भाजपा पर संविधान के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा देश के तानेबाने को ध्वस्त करने का प्रयास किया जा रहा है। पिछले 5 साल के दौरान मोदी सरकार ने किसी भी काम को योजनाबद्ध तरीके से नहीं किया है।
नोटबंदी एवं जीएसटी को लागू किया गया, जिसके कारण लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बसपा नेता ने सांप्रदायिकता की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा नफरत फैलाने का प्रयास कर रही है और लोगों में दरार पैदा कर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। आम लोग भाजपा की इस राजनीति को समझ गए हैं और 6 चरणों के चुनाव में उन्होंने बुद्धिमानी का परिचय दिया है। सभा को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा भाजपा ने पिछले चुनाव में अच्छे दिन का वादा किया था, लेकिन यह खोखला साबित हुआ है। मतदाताओं के अब तक के रुझान से भाजपा घबराई हुई है। पहले प्रधानमंत्री जो वादा करते थे उसे पूरा किया जाता था, लेकिन मोदी सरकार में इसका अर्थ बदल गया है और अब वादे के विपरीत काम किया जा रहा है।
अच्छे दिन किसके आए हैं असकी जानकारी किसानों और नौजवानों को भी है। किसानों को उनकी फसलों का डेढ़ गुना मूल्य देने का वादा किया गया था, लेकिन इसका क्या हुआ सबको पता है। भाजपा ने करोड़ों नौजवानों को रोजगार देने का वादा किया था और बाद में जब उसे पूरा करने का अवसर आया, तो लोगों से पकौड़े बनाने को कहा गया।
सभा को राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) अध्यक्ष अजित सिंह ने भी सम्बोधित किया और कहा कि मोदी सरकार के दौरान न केवल विकास कार्य रुका है बल्कि बेरोजगारी की समस्या भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का वाजिब मूल्य नहीं मिल रहा है और कर्ज का बोझ उन पर बढ़ता जा रहा है।