ऑटो चालकों की मनमानी दिल्ली में यात्री परेशान

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में परिवहन विभाग द्वारा ऑटो रिक्शा में किराया मीटर चलाना अनिवार्य करने के बावजूद चालकों की मनमानी बदस्तूर जारी है। दिल्ली के बॉर्डर वाले इलाके हों या दिल्ली का दिल कहे जाने वाला कनॉट प्लेस, हर जगह ऑटो वालों की मनमानी यात्रियों की जेब पर भारी पड़ रही है। स्थिति ऐसी है कि मीटर चलाने के लिए कहने पर ऑटो चालक यात्रियों से बदसलूकी पर भी उतर रहे हैं। दिल्ली में ऑटो रिक्शा का किराया सरकारी किराया निर्धारण नीति के तहत शुरुआती दो किमी के लिए मीटर डाउन करने पर २५ रु निर्धारित है। उसके बाद ८ रु प्रति किमी का किराया स्लैब है। वहीं रात में कुल किराये का २५ प्रतिशत अधिक भुगतान करना तय है। साथ ही दिल्ली परिवहन विभाग द्वारा ऑटो चलाते वक्त किराया मीटर चालू होने की अनिवार्यता भी लागू की है, इसके बावजूद चालक बिना मीटर चलाए घूमते हैं। ऑटो रिक्शा के आगे ऑटो की उपलब्धता दिखाने वाली तख्ती भी नहीं लगाई जाती। सरकारी नियमों के मुताबिक, अगर ऑटो पर ऑन ड्यूटी की तख्ती लगी है तो वह यात्री को ले जाने से इंकार नहीं कर सकता है। इस संबंध में दिल्ली परिवहन विशेष आयुक्त केके दहिया से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला है।