अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होगी रामायण के अयोध्या कांड पर प्रतियोगिता

इन्दौर । संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने रविवार को डॉ. बी.आर. अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय, महू में आयोजित “प्रस्फुटन” कार्यक्रम अंतर्गत श्री रामचरित्र मानस के अयोध्याकांड से मूल्य निर्माण के प्रसंगों पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी देते हुए बताया गया कि मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा रामायण के अयोध्या कांड पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता प्रदेश, राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाएगी। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में हर जिले से आठ लोगों का चयन किया जाएगा। इनमें चार विद्यार्थी और चार सामान्य लोग शामिल रहेंगे। रामायण के अयोध्या कांड पर आयोजित की जा रही इस प्रतियोगिता के विजेताओं को हवाई जहाज से अयोध्या की यात्रा कराई जाएगी।
संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने सायंकाल डॉ. बी.आर. अंबेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय महू में आयोजित किये गये लीला उत्सव के तहत भक्ति मति शबरी लीला और चित्र प्रदर्शनी का भी शुभारंभ कर अवलोकन किया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में अयोध्या से दीदी मंदाकिनी रामकिंकर, विशेष अतिथि के रूप में अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष हर्ष चौहान, कुलपति देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इन्दौर श्रीमती रेणु जैन, कार्याध्यक्ष तुलसी मानस प्रतिष्ठान रघुनंदन शर्मा, डॉ. बी.आर. अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय महू की कुलपति श्रीमती आशा शुक्ला शामिल हुए।