सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने किया स्टॉलों का अवलोकन, सोन चिरैया उत्सव को महिला सशक्तिकरण व स्वावलंबन की दिशा में अनुकरणीय पहल निरूपित किया
भोपाल । देश की आजादी के अमृत महोत्सव के तहत महिलाओं को सशक्त व आत्म निर्भर बनाने के दृष्टिगत संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास व नगर निगम भोपाल द्वारा आयोजित ”सोन चिरैया आजीविका उत्सव-2021“ में बड़ी संख्या में नागरिक जहां एक ओर स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों को उत्साहपूर्वक ढंग से खरीद रहे है वहीं ”सोन चिरैया आजीविका उत्सव-2021“ में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों व संगीत का भरपूर आनन्द व पारम्परिक स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद भी ले रहे है। सोन चिरैया आजीविका उत्सव में महिला स्व सहायता समूहों का उत्साहवर्धन भी शासन/प्रशासन के अधिकारियों/पदाधिकारियों द्वारा निरंतर किया जा रहा है। सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने महिला हॉट बाजार पहुंचकर स्व सहायता समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सोन चिरैया आजीविका उत्सव का आयोजन महिला स्वावलंबन की दिशा में अनुकरणीय पहल है और जब महिलाएं आगे बढ़ेंगी और आत्म निर्भर बनेंगी तो देश भी आगे बढ़ेगा और आत्म निर्भर बनेगा। उत्सव में महिलाओं के सामाजिक एवं व्यवसायिक मुद्दों पर चर्चा हेतु प्रशासन एकेडमी की सुश्री राजेश्वरी राव ने गुप डिसकशन भी किया।
राजधानी के शिवाजी नगर स्थित महिला हॉट बाजार में आयोजित ”सोन चिरैया आजीविका उत्सव-2021“ में बुधवार को भोपाल लोकसभा की सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पहुंची और स्व सहायता समूहों के उत्पादों का अवलोकन किया और आयोजन व उत्पादों की सराहना भी की साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की आत्म निर्भर योजना को मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा बेहतर ढंग से क्रियान्वयन किया जा रहा है। सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि महिलाओं के लिए यहां अच्छी व्यवस्था की गई है और महिलाओं द्वारा अपनी प्रतिभा को निखारते हुए उत्कृष्ट सामान यहां लाया गया है जो निश्चित ही अच्छा, सस्ता और सुंदर है। इस प्रकार के आयोजन से महिलाओं का मनोबल बढ़ा है और वह आत्म निर्भर और स्वावलंबी बनेंगी। सांसद साध्वी प्रज्ञा ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं के आत्म निर्भर एवं स्वावलंबन हेतु जो योजनाएं चल रही है उनसे महिलाएं आगे बढ़ेंगी और हमारा देश भी आगे बढ़ेगा और स्वावलंबी व आत्म निर्भर भी बनेगा।