झंडा ऊंचा रहे हमारा अभियान में हुआ दिलचस्प टॉक शो

इन्दौर । संस्था सेवा सुरभि, जिला प्रशासन, इन्दौर पुलिस एवं नगर निगम की सहभागिता में चल रहे ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ अभियान के अंतर्गत रविवार सुबह प्रेस क्लब सभागृह में एक रोचक और सारगर्भित टॉक शो का आयोजन हुआ, जिसमें वक्ताओं ने यह बताया कि शहर, समाज और राष्ट्र के विकास हेतु हमें क्या-क्या नहीं करना चाहिए। अक्सर सार्वजनिक कार्यक्रमों में आमतौर पर वक्ताओं द्वारा ‘क्या-क्या करना चाहिए’ – यह बताया जाता है। संस्था सेवा सुरभि और प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस टॉक शो में सभी क्षेत्रों के वक्ताओं को अपनी बात कहने का मौका दिया गया और उन्होंने अपने-अपने चश्मों से बहुत कुछ ऐसा कहा, जो देश को एक महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ा सकता है। इनमें किसी ने सरकारी धन के दुरुपयोग को रोकने, परंपरागत खान-पान को नहीं बदलने, शास्त्रीय संगीत को बुरा नहीं कहने, विकास की आड़ में पर्यावरण का विनाश नहीं करने, जनसंख्या को बढ़ने से रोकने, उद्योगों के गंदे पानी को सार्वजनिक स्थानों पर नहीं बहाने, बड़े समूहों को छोटी जगहों पर अस्पताल खोलने और काम में पारदर्शिता के साथ प्रतिबद्धता लाने जैसी अनेक बातें कही।
झंडा ऊंचा रहे हमारा अभियान के अंतर्गत आयोजित इस टॉक शो का शुभारंभ समाजसेवी वीरेन्द्र गोयल की अध्यक्षता में पद्मश्री जनक पलटा, प्रेस क्लब उपाध्यक्ष प्रदीप जोशी, पूर्व महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वल कर किया। टाक शो में इन्दौर मिठाई एवं नमकीन विक्रेता संघ के अनुराग बोथरा ने कहा कि हम अपनी संस्कृति और नैतिक मूल्यों को नहीं बदलें। पश्चिम का अंधानुकरण कर परंपरागत खान-पान को नहीं बदलना चाहिए। नमकीन और मिठाई का स्थान चॉकलेट नहीं होना चाहिए। इंजीनियर अतुल शेठ ने कहा कि देश और प्रदेश की सरकारें पहले ही कर्ज में डूबी हुई हैं, उन्हें सरकारी धन का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। चार्टर्ड अकाउंटेंट पंकज शाह ने कहा कि कर कानूनों का सरलीकरण होना चाहिए। कानून में ज्यादा गलियारें हो तो लोग शार्ट कट तलाशने लगते हैं, जो भ्रष्टाचार को जन्म देते हैं। संस्कृति कर्मी गौतम काले ने कहा कि शास्त्रीय संगीत को बुरा बताकर हमें अपनी संस्कृति का अपमान नहीं करना चाहिए। पर्यावरणविद अंबरीश केला ने कहा कि प्रकृति का इको सिस्टम बदल रहा है। देश कार्बन अधिक उत्सर्जित कर रहा है, जिसके दुष्परिणाम स्वरूप मकर संक्रांति के बाद जो ठंड कम होना चाहिए, वह और बढ़ने लगी है। सी.ए. संतोष मुछाल ने कहा कि अर्थ व्यवस्था की मजबूती के लिए औद्योगिक कारिडोर बनना चाहिए। देश को अधिक से अधिक पेटेंट कराना चाहिए। भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दिव्या गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को सहानुभूति नहीं, संवेदना चाहिए। हमें भीख में मिला सम्मान नहीं चाहिए। महिलाओं का देह प्रदर्शन बंद होना चाहिए, वह उपभोग की वस्तु नहीं समझी जाना चाहिए। समाजसेवी एवं पद्मश्री जनक पलटा ने कहा कि जैव विविधता राष्ट्रीय संपदा है, इस पर खुली पहुंच नहीं होना चाहिए। पत्रकार नासिरा मंसूरी ने कहा कि मीडिया नकारात्मक लिखता है तो उस पर सरकार भी संज्ञान लेती है। आबादी नियंत्रित होगी तो ही देश प्रगति कर सकेगा।
प्रारंभ में संस्था सेवा सुरभि की ओर से अनिल गोयल, मनोज जैन, मोहन अग्रवाल, पंकज कासलीवाल, अनुराग जैन, मनमोहनसिंह तथा प्रेस क्लब की ओर से उपाध्यक्ष प्रदीप जोशी, संजय त्रिपाठी, राहुल वावीकर, प्रवीण जोशी, बंटी गुंजाल आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा, अभ्यास मंडल के रामेश्वर गुप्ता, अजीतसिंह नारंग, अशोक कोठारी, शिक्षाविद मंजू व्यास, ओमप्रकाश धूत, पर्यावरणविद ओ.पी. जोशी, प्रो. रमेश मंगल सहित बड़ी संख्या में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। अतिथियों को स्मृति चिन्ह गोविंद मंगल, कमल कलवानी, अरविंद जायसवाल, मनीष ठक्कर आदि ने भेंट किए। कार्यक्रम के सूत्रधार थे रंगकर्मी संजय पटेल। आभार माना ओमप्रकाश नरेडा ने। संभवतः यह पहला मौका था जब इस अभियान के तहत विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने क्या-क्या नहीं करना चाहिए यह बताया। राष्ट्रगान के साथ समापन हुआ।
:: इंडिया गेट पर पुष्पांजलि जारी ::
उधर आज भी रीगल चौराहा स्थित इंडिया गेट एवं अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति पर पुष्पांजलि समर्पित करने वाली संस्थाओं को मेला जुटा रहा। अभ्यास मंडल के रामेश्वर गुप्ता, मुरली खंडेलवाल, प्रवीण जोशी, आर.के.जैन, वैशाली खऱे तथा प्रेस्टीज स्कूल की ओर से प्रकाश चौधरी, डॉ. मंजू व्यास, देशभक्ती जागरण समिति की ओर से अध्यक्ष नरेन्द्र मिश्रीलाल गंगवाल, हिंदी साहित्य समिति की ओर से अशोक कोठारी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार से अजीत विश्नार सन्मति स्कूल के दिलीप डोसी, रमेश गंगवाल, जुगल किशोर गंगवाल आदि ने भी पुष्पांजलि समर्पित की। रोटरी क्लब आफ इन्दौर प्रोफेशनल एवं अन्य संगठनों ने भी पुष्पांजलि समर्पित कर शहीदों को याद किया।
:: आज शाम इंडिया गेट पर संगीत संध्या ::
सोमवार 24 जनवरी को सायं 7 बजे इंडिया गेट के समक्ष स्टार फेंस क्लब के हेमंत अग्रवाल के निर्देशन में इंटरनेशनल रिदम बैड के संगीत संयोजन में गायक देवेन्द्र पंडित एवं जयमाला अपने देशभक्ति से लबरेज गीतों की प्रस्तुति देंगे। अनूप कुलपारे, राजेश मिश्रा, रोमेश मकवाना और संदीप चौधरी विभिन्न वाद्य यंत्रों पर संगत करेंगे। संचालन करेंगे रंजन सर। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को सायं 5 बजे संस्था चैतन्य भारत एवं गौसेवा भारती के सदस्य देश के संविधान का पालन करने की शपथ लेकर शहीदों को श्रद्धा सुमन समर्पित करेंगे।