भोपाल। राजमाताजी और कुशाभाऊ ठाकरे जी जैसे महापुरुषों ने संगठन के लिए जीवन पर्यंत जो काम किया उस काम को आगे बढ़ाने का माध्यम बूथ विस्तारक योजना है। इस योजना के माध्यम से संगठन का सुदृढ़ीकरण और हमारे कार्य का विस्तारीकरण तो होगा ही साथ ही इस महत्वकांक्षी अभियान और हमारे बूथ कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर मध्य प्रदेश के हर बूथ पर आगामी चुनावों में भाजपा 51 फीसदी वोट हासिल करेगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने ग्वालियर के शहीद भगत सिंह मंडल के बूथ क्रमांक 70 की बूथ समिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए कही।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा रविवार को बूथ विस्तारक अभियान के अंतर्गत ग्वालियर प्रवास पर थें। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने शहीद भगत सिंह मंडल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जिसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष शहीद भगत सिंह मंडल के बूथ क्रमांक 70 की बूथ समिति की बैठक में शामिल हुए। बूथ समिति की बैठक के पश्चात श्री शर्मा ने बूथ समिति के विस्तारकों, संयोजकों एवं वरिष्ठजनों की बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष, संभाग प्रभारी जीतू जिराती, सांसद विवेक शेजवलकर , प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर , जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के संभागीय कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंट की।
- ठाकरे जी और राजमाता जी के त्याग और समर्पण से भाजपा सबसे बड़ा दल बना
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बूथ समिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे जी ने अपने जीवन का एक- एक पल और एक एक क्षण संगठन का विस्तार करने के लिए न्यौछावर किया, वही महलों के पली-बड़ी राजमाता जी ने देश और जनसंघ के विचार के लिए कभी समझौता नहीं किया। राजमाताजी इंदिरा गाँधी के दमन के आगे कभी नहीं झुकी। ऐसे नेताओं ने जनसंघ और फिर भाजपा के संगठन को खड़ा किया। जिसके कारण भाजपा विश्व का सबसे बड़ा दल बना है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा देश के 70 फीसदी भू-भाग पर सत्ता में है तो इसका प्रमुख आधार हमारे बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। संगठन के प्रति हमारे कार्यकर्ताओं के समर्पणभाव और अथक परिश्रम का परिणाम है कि भाजपा एक सेवाभावी संगठन के रूप में लोगों के बीच पहचाना जा रहा है। - केंद्र और कई राज्यों में हमारी सरकार इसका हमें गर्व है घमंड नही
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र और कई राज्यों में हमारी सरकारें है। इस बात का हम गर्व करते है लेकिन घमण्ड नहीं करते है। जबकि दूसरे दलों की जब सरकार आती है तो उनको घमंड हो जाता यहीं बात भारतीय जनता पार्टी को अन्य दलों से अलग रखती है। उन्होंने कहा कि हमारे बूथ विस्तारक अथक मेहनत और परिश्रम करके इस अभियान को सफल बनाने में पूरे प्राण प्रण से जुटे हुए है। उन्होंने कहा कि बूथ विस्तारक अभियान के माध्यम से हमारे बूथ मजबूत और सशक्त हो, इसके लिये बूथ पर जाकर फिजीकल वेरीफिकेशन किया जा रहा है। हम 65 हजार बूथों का फिजीकल वेरीफिकेशन कर रहे है साथ ही बूथ को डिजिटल बूथ भी बना रहे है। - गांधी जी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बूथ विस्तारक अभियान के अंतर्गत बूथ क्रमांक 70 के प्रभावी मतदाता (की-वोटर) डॉ. अनिल वाजपेयी व अजय सिंह कुशवाह के निवास पहुंचकर उनसे भेंट की। जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ता राजू घोलकर के निवास पर भोजन किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कमलपुष्प अभियान के अंतर्गत जनसंघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता वैद्य गजेंद्र गड़कर जी का सम्मान किया। जिसके पश्चात उन्होंने राष्ट्रकवि डॉ. मैथिलीशरण गुप्त स्मारक, पुस्तकालय एवं शोध संस्थान पहुंचकर गुप्त जी की प्रतिमा व महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।