:: गुप्त नवरात्रि के दौरान 8 फरवरी को नौका विहार, 9 को शोभायात्रा एवं 10 को सजेगा पुष्प बंगला ::
इन्दौर । विमानतल मार्ग स्थित विद्याधाम के 27वें प्रकाशोत्सव में प्रतिदिन संध्या को मां ललिता पराम्बा का नित्य नूतन श्रृंगार होगा। नौ दिवसीय इस प्रकाशोत्सव का शुभारंभ बुधवार 2 फरवरी को होगा। माघ माह की गुप्त नवरात्रि के उपलक्ष्य में 8 फरवरी को नौका विहार एवं 9 फरवरी को महाष्टमी पर सायं 5 बजे मां पराम्बा अपने भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण पर शोभायात्रा के रूप में निकलेंगी। गुरुवार 10 फरवरी को भव्य पुष्प बंगले में मां के दिव्य दर्शन होंगे।
बुधवार को ही सुबह 9 बजे से सग्रहमक श्री शिवशक्ति महायज्ञ भी प्रारंभ होगा। विद्याधाम परिवार के अग्रवाल, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि गुप्त नवरात्रि में बुधवार को मां ललिता पराम्बा का मां वैष्णवी के रूप में, गुरुवार को ब्राह्मचारिणी, शुक्रवार को शाकम्भरी, शनिवार को त्रिपुर सुंदरी, रविवार को शारदा, सोमवार को राजराजेश्वरी, मंगलवार को माहेश्वरी, बुधवार को अन्नपूर्णा और गुरुवार 10 फरवरी को ललिताम्बा के रूप में मां का श्रृंगार किया जाएगा। गुप्त नवरात्रि के दौरान मंगलवार 8 फरवरी को आश्रम के संस्थापक ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर शिव स्वरूप स्वामी गिरिजानंद सरस्वती ‘भगवन’ के दिव्य विग्रह का प्रकटोत्सव भी मनाया जाएगा। आश्रम के 21 विद्वान आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में प्रतिदिन महायज्ञ एवं अन्य अनुष्ठानों को संपादित करेंगे । प्रतिदिन सुबह 9 से 12 बजे तक ललिता सहस्त्रार्चन एवं दोपहर 2 से 5 बजे तक महारुद्र अनुष्ठान होंगे। महोत्सव में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक दुर्गा सप्तशती पाठ, ललिता सहस्त्रनामावली द्वारा लक्षार्चन एवं महाआरती सहित विभिन्न आयोजन होंगे। महाष्टमी 9 फरवरी को मां की शोभायात्रा के बाद सायं 6 बजे 56 भोग दर्शन भी होंगे। मंदिर आने वाले भक्तों से कोरोना नियमों का अनिवार्यतः पालन करने का आग्रह किया गया है।