इन्दौर । चंदन नगर क्षेत्र में दो अवैध कालोनियॉं कांटने और लोगों से प्लांट के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में 2009 में दर्ज हुए दो प्रकरणों में फरार अकबर खान को आखिरकार चंदन नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पिछले करीब ढ़ाई साल फरार अकबर पर पुलिस ने दो हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
चंदन नगर थाना पुलिस के अनुसार चंदन नगर क्षेत्र में केशव नगर और लक्ष्मी नगर जैसी अवैध कॉलोनी काटने के आरोप में वर्ष 2019 में पूर्व पार्षद जफर खान के खिलाफ दो प्रकरण दर्ज हुए थे। इस मामले में पूर्व पार्षद अनवर कादरी, भूमाफिया प्यारे मियां की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस को अकबर पिता रज्जाक खान (ओल्ड राजमोहल्ला) की तलाश थी। आरोपित के विरुद्ध दो हजार रुपये का इनाम भी घोषित भी किया गया था। शुक्रवार को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि थाना चंदन नगर के अपराधों में लंबे समय से फरार भूमाफिया अकबर पिता रजाक अपने घर आया है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने टीम गठित कर तत्काल मौके पर दबिश देकर भूमाफिया अकबर पिता रज्जाक खान को धरदबोचा। आरोपी को विधिवत गिरफ़्तार कर थाना लाया गया है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है, इसके बाद कार्यवाही के न्यायालय में पेश किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि अकबर खान, दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद भूमाफिया प्यारे मियां का पार्टनर है। पुलिस को प्यारे मियां की दूसरी पत्नी तनवीर फातिमा की भी तलाश है। ज़मीन बेचने वाले भूमाफिया सलूजा की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (ज़ोन-4) राजेश कुमार सिंह के मुताबिक अकबर, अनवर और प्यारे मियां पर्दे के पीछे रहकर अवैध कालोनियां काटते हैं और नोटरी के जरिये लोगों को अवैध भूखंड बेच देते थे।