इन्दौर में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भ्रष्टाचार और महंगाई के मुद्दे पर श‍िवराज को घेरा –

:: चुनाव में 17 महीने ही बचे, प्रदेश की जनता समझदार है सच्चाई का साथ देगी : कमलनाथ
इन्दौर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ शुक्रवार को इन्दौर में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई जैसे ज्वलंत मुद्दों पर मुख्यमंत्री श‍िवराज सिंह चौहान पर जमकर निशाना साधा। कमलनाथ ने कहा कि आज पेट्रोल, डीज़ल और रसोई गैस के साथ ही राशन के दाम लगातार बढ़ रहे है। बेरोजगारी सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। प्रदेश में ‘करप्शन’ अब ‘इंस्टीट्यूशनल’ हो रहा है, जो चिंता का विषय है। छोटा व्यापारी, किसान व नौजवान के साथ ही आज प्रदेश का हर वर्ग परेशान है।
पिछले एक सप्ताह में दूसरी बार इन्दौर आए पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ शुक्रवार को इन्दौर प्रेस क्लब में ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में बोल रहे थे। कमलनाथ ने कहा कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस सिलेंडर को लेकर कहा कि हमारे कार्यकाल में सिलेंडर 400 रुपए का था आज लगभग हजार रुपए का हो गया है। 50-54 रुपए तक पेट्रोल के दाम हुए तो शिवराज सिंह ने साइकिल चलाई थी, लेकिन आज उनकी साइकिल पंचर है। मोदीजी ने भी पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और बढ़ती महंगाई की आलोचना की थी, लेकिन आज इस पर चुप्पी साधे हुए है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि 5 साल पहले तक लगभग 25% लोग ही सोशल मीडिया से जुड़े थे, लेकिन आज 95% लोग सोशल मीडिया से जुड़े है, जिन्हें हम ‘ज्ञान’ देने के लिए जाते थे आज वे हमें ‘ज्ञान’ देने के लिए तैयार है। मुझे पूरा विश्वास है मध्य प्रदेश के मतदाता में बहुत समझ है। 90% तो किसी पार्टी से जुड़े नहीं रहते। चुनाव तो वहीं तय करते है जो मनोरंजन के सीरियल देखते है। आज प्रदेश की तस्वीर हम सबके सामने है। ‘श‍िवराज सरकार’ कितना भी प्रचार कर ले, घोषणाएं हो जाए.. ये कलाकारी की राजनीति है। मैं जानता हूं कि यह आम जनता भी समझती है। विधानसभा चुनाव में 16-17 महीने ही बचे है, समझदार जनता सच्चाई का ही साथ देगी।
:: सिंध‍िया ही नहीं, भाजपा का हर नेता हमारे लिए चुनौती ::
कमलनाथ से पूछा गया कि 2023 के 2023 विधानसभा चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस के लिए कितनी बड़ी चुनौती है। इस पर कमलनाथ ने कहा कि भाजपा का हर नेता हमारे लिए चुनौती है। उन्होने कहा कि प्रदेश में सबसे बड़ी चुनौती बेरोजगारों की है। आज के नौजवान और 10 साल के पहले के नौजवान में बहुत अंतर है। बेरोजगारी भत्ता देने से यह समस्या दूर नहीं होने वाली। उन्होने सवाल किया कि प्रदेश में शराब सस्ती है पर पेट्रोल-डीजल नहीं क्यों? यह साधारण सवाल है। उन्होने कहा कि ‘करप्शन’ तो सालों से हो रहा है पर अब तो ‘इंस्टीट्यूशनल’ हो गया है। उन्होने कहा कि पैसा होगा तो योजनाएं होगी… योजनाएं होगी तो पैसा बनेगा… ‘इंस्टीट्यूशनल करप्शन’ अब यह एक बड़ा चिंता का विषय बन गया है। उन्होने कहा कि आज प्रदेश में छोटा व्यापारी, किसान व नौजवान से लेकर हर वर्ग परेशान है।
:: प्रशांत किशोर कांग्रेस से जुड़ना चाहते है, तो इसमें ख़राबी क्या है?
सियासत में मैनेजमेंट के मास्टर कहे जाने वाले प्रशांत किशोर के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों के बीच कमलनाथ ने कहा कि प्रशांत किशोर एक अनुभवी रणनीतिकार हैं, उन्होंने पूरे देश में विभिन्न पार्टियों के साथ काम किया है, अगर वह देख रहे हैं कि कांग्रेस ही देश का भविष्य है। कांग्रेस की मदद करना चाहते हैं और कांग्रेस से जुड़ना चाहते हैं, तो इसमें क्या खराबी है? आज वो केवल एक प्रदेश की बात नहीं कर रहे, उनका अनुभव है पर, यदि स्थिति बने तो कांग्रेस को उनसे लाभ उठाना चाहिए!
:: हमारी सरकार बनी तो स्मार्ट सिटी के नाम पर जिनके साथ अन्याय हुआ, उनको मुआवजा देंगे ::
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार बनती है, तो हम स्मार्ट सिटी के नाम पर जो मकान तोड़े गए हैं उनका सर्वे करके जिनके साथ अन्याय हुआ है उनको मुआवजा देंगे।