गांधीनगर | रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गांधीनगर में डिफेंस एक्स्पो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गुजराती भाषा में स्वागत करते हुए कहा, “तमारा गुजरातमां हुं तमारुं हार्दिक स्वागत करुं छुं.” उन्होंने कहा कि डाइनेमिक लीडर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘पाथ टु प्राइड’ की थीम के साथ ‘डिफेंस एक्स्पो 2022’ का शुभारंभ हो रहा है यानी यही आत्मनिर्भर, नया भारत। यह हम सबके लिए गौरव समान है। गुजरात में आयोजित सबसे बड़े ‘डिफ़ेंस एक्सपो 2022’ आने वाले 25 वर्षों में भारत को रक्षा क्षेत्र में नई दिशा देगा। ‘डिफेंस एक्स्पो’ शक्ति तथा राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। इसमें 300 से अधिक भारतीय कंपनियाँ भाग ले रही हैं, जिनमें 80 से अधिक कंपनियाँ डिफ़ेंस क्षेत्र में कार्यरत हैं, जो आत्मनिर्भर भारत का श्रेष्ठ उदाहरण है। सिंह ने कहा कि ‘डिफेंस एक्स्पो’ भारत की नई पीढ़ी को रक्षा क्षेत्र में इनोवेशन एवं रिसर्च के साथ रोज़गार के नए अवसर उपलब्ध कराएगा। इसके साथ ही यह देश एवं विश्व के उद्यमियों को भारत में रक्षा क्षेत्र में निवेश के लिए आकर्षित करेगा। इसके अलावा केन्द्र सरकार एमएसएमईस, लघु उद्यमियों तथा निजी कंपनियों को भी भारत में रक्षा क्षेत्र में निवेशार्थ प्रोत्साहित कर रही है। भारत की युवापीढ़ी रक्षा क्षेत्र में भी रिसर्च एण्ड डेवलपमेंट में नई क्षितिजें पार करें। यह समय की मांग है। उन्होंने कहा कि ‘डिफेंस एक्स्पो’ के दौरान पिछले दो दिनों में 10 अफ़्रीकी देशों के साथ द्विपक्षीय संवाद हो रहे हैं, जबकि अन्य देश भी भारत में रक्षा क्षेत्र में उत्पादन के लिए उत्सुक हैं। रक्षा मंत्री ने गौरव के साथ कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा भारत की प्राथमिकता रही है। आकाश, धरती एवंजल के साथ भारत एयरोस्पेस क्षेत्र में भी अपनी शक्ति बढ़ा रहा है। ‘मिशन डेफ़स्पेस’ के अंतर्गत अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत अब और नई चुनौतियों व अवसरों केसाथ आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के साथ विश्व की पाँचवीं मज़बूत अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। राजनाथ सिंह ने गुजरात में ‘डिफेंस एक्स्पो 2022’ के सफल आयोजन केलिए टीम गुजरात को साभार शुभकामनाएँ दीं।