प्रचंड जीत का मिलेगा फायदा गुजरात में 2026 तक सभी 11 राज्यसभा सदस्य भाजपा के होंगे

नई दिल्ली । गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। गुजरात की इस बड़ी जीत से राज्यसभा में पार्टी की ताकत बढ़ जाएगी। भाजपा पहली बार रेकॉर्ड बनाएगी जब 2026 तक गुजरात से सभी 11 राज्यसभा सदस्य पार्टी के होंगे। फिलहाल गुजरात से राज्यसभा में भाजपा के 8 और कांग्रेस के 3 सदस्य हैं। अगले साल अगस्त में उच्च सदन में सीटें खाली हो रही तीन सीटों पर भाजपा अपने सदस्य बनाएगी।
भाजपा अप्रैल 2024 में होने वाले चुनाव में चार में से दो अतिरिक्त सीटें हासिल करेगी और जून 2026 में होने वाले चुनावों में अन्य चार सीटों में से एक और सीट हासिल करेगी जिससे राज्य में इसकी कुल संख्या 11 हो जाएगी। बड़े राज्यों में इस तरह की उपलब्धि बेदह कम देखने को मिलती है खासकर तब जब एक राज्य से एक से ज्यादा सीटों पर चुनाव हो रहा हो।
वहीं दूसरी ओर हिमाचल में कांग्रेस को जितनी सीटें मिली हैं उस हिसाब से पार्टी को अगले संसदीय चुनावों से पहले अप्रैल 2024 में राज्यसभा की तीन में से एक सीट और दो साल बाद दूसरी सीट मिल जाएगी। फिलहाल राज्यसभा में हिमाचल प्रदेश के सभी तीन सदस्य भाजपा से हैं। इसमें पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा भी शामिल हैं जो अप्रैल 2024 में रिटायर होंगे। राज्य की तीसरी सीट का भाग्य केवल अगली विधानसभा द्वारा तय किया जाएगा क्योंकि 2028 में वहां सीट खाली होगी।
राज्यसभा की संरचना अगले साल प्रभावी रूप से नहीं बदलेगी जब सदस्यों के रिटायर होने की वजह से केवल 10 सीटें खाली हो जाएंगी। लेकिन अप्रैल 2024 में लोकसभा चुनाव के आसपास इसमें बड़ा परिवर्तन होगा। तब राज्यसभा की 56 सीटों के लिए मतदान होगा। अभी राज्यसभा में 239 सदस्य हैं। क्योंकि 245 सीटों के सदन में छह खाली सीटें हैं। इसमें से जम्मू-कश्मीर से चार और दो मनोनीत हैं। सदन में भाजपा 92 सांसदों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है। इसके बाद कांग्रेस के 31 टीएमसी के 13 डीएमके और आप के 10-10 सांसद हैं। अगर एक राज्यसभा सांसद वाले राज्यों को छोड़ दिया जाए तो भी वर्तमान में हिमाचल दिल्ली पंजाब तेलंगाना और उत्तराखंड ऐसे पांच राज्य हैं जहां एक ही पार्टी के पास राज्यसभा की सभी सीटें हैं।