पानीपत । कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हरियाणा में अपने दूसरे चरण के पहले दिन शुक्रवार सुबह सनोली-पानीपत रोड से फिर से शुरू हुई। कांग्रेस के पूर्वअध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई वाली यात्रा ने यूपी से गुरुवार शाम को हरियाणा में फिर से प्रवेश किया। रात्रि विश्राम के बाद यात्रा पानीपत में सनोली सीमा से फिर से शुरू हुई। हरियाणा के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल के साथ पदयात्रा में शामिल हुए। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया था कि राहुल अपनी बीमार मां सोनिया गांधी से मिलने गुरुवार रात को दिल्ली रवाना हुए थे। वह यात्रा में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार सुबह लौटे।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया को वायरल श्वसन संक्रमण के इलाज के लिए दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य वरिष्ठ नेता दोपहर को पानीपत में एक जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। अगले कुछ दिन में यह पदयात्रा पंजाब में प्रवेश करने से पहले करनाल कुरुक्षेत्र और अंबाला जिलों से होकर गुजरेगी।
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने हाल ही में कहा था कि राज्य में यात्रा के लिए सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किए गए हैं। यात्रा ने हरियाणा में 21 से 23 दिसंबर तक पहले चरण के तहत 130 किलोमीटर की दूरी तय की थी और यह नूहं गुरुग्राम तथा फरीदाबाद जिलों से गुजरी थी।