नई दिल्ली । राष्ट्रपति मुर्मू में महाराष्ट्र-बिहार समेत देश के 13 राज्यों के राज्यपालों को बदल दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और लद्दाख के उपराज्यपाल राधा कृष्णन माथुर के इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने इन राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति कर दी है। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने आंध्र प्रदेश के राज्यपाल के रूप में पूर्व जस्टिस एस अब्दुल नजीर को नियुक्त किया है।
झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। जबकि, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया को असम का राज्यपाल बनाया गया है। विधानसभा चुनावों से पहले केंद्र सरकार के इस फैसले को राजस्थान की सियासत में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। इसके साथ ही कुछ नए राज्यपाल भी नियुक्त किये गए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री शिव प्रताप शुक्ला को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है, जबकि राजेंद्र विश्वनाथ अरलेकर को बिहार का नया राज्यपाल बनाया गया है। वह अब तक हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल थे। बिहार के मौजूदा राज्यपाल फागू चौहान को राज्यपाल के रूप में मेघालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल बीडी मिश्रा लद्दाख के उप राज्यपाल (एलजी) बनाए गए हैं। पूर्व न्यायाधीश एस अब्दुल नजीर आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बनाए गए हैं।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल बनाया गया है। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके को मणिपुर का राज्यपाल बनाया है। मणिपुर के राज्यपाल ला गणेशन को नागालैंड का राज्यपाल बनाया गया है। जबकि, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य सिक्किम के राज्यपाल बनाए गए हैं। लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक को अरुणाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। यहां अब तक बीडी मिश्रा राज्यपाल थे, जो भारतीय सेना के पूर्व ब्रिगेडियर हैं।
ये हैं 13 राज्यों के नए राज्यपाल
- अरुणाचल: ले. जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक
- सिक्किम: लक्ष्मण प्रसाद आचार्य।
- झारखंड: सी.पी. राधाकृष्णन।
- हिमाचल प्रदेश: शिव प्रताप शुक्ल।
- असम: गुलाब चंद कटारिया।
- आंध्रप्रदेश: जस्टिस एस अब्दुल नजीर।
- छत्तीसगढ़: बिस्वा भूषण हरिचंदन।
- मणिपुर: अनुसुइया उइके।
- नागालैंड: ला गणेशन।
- मेघालय: फागू चौहान।
- बिहार: राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर।
- महाराष्ट्र: रमेश बैस।
- लद्दाख: बीडी मिश्रा।
अनिरुद्ध, ईएमएस, 12 फरवरी 2023